रायपुर। राजधानी में स्थित दोंदे खुर्द के इंडियन बैंक की शाखा में 2 करोड़ रुपए का घपला सामने आया है।शुरुआती जांच के बाद बैंक ने मैनेजर को संस्पेंड कर दिया है। आरोप है कि पोस्टिंग के दौरान उन्होंने 5 जुलाई 2022 से 11 अक्टूबर 2023 तक महिला समूह के खाते से पैसा निकाला। वहीं पुलिस ने जांच के बाद मैनेजर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
जानकारी के मुताबिक दोंदे खुर्द इंडियन बैंक में ब्रांच मैनेजर मनोहर लाल साहू ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। उन्होंने अपनी शिकायत में बताया कि मुझसे पहले नियोजित विश्वास बैंक की इस ब्रांच में मैनेजर थे। उन्होंने कुछ महिला समूह के खाते में जमा पैसे दो ग्राहक के खातों में ट्रांसफर किया। फिर पैसे अलग-अलग किस्त में अपने दूसरे बैंक खाते में ट्रांसफर कर दिए। बाद में उन खातों से पैसा निकाल लिया। जब महिला समूह पैसा निकालने आए तो उनके खाते में बैंलेस कम बताया। उन्होंने इसकी शिकायत की। उसके बाद बैंक प्रबंधन ने ऑडिट कराया। बैंक के ऑडिट में पैसों का मिलान करने पर मैनेजर का फर्जीवाड़ा उजागर हुआ। समूह का पैसा दो लोगों के खाते में जमा होने का पता चला। बैंक की ओर से दोनों को बुलाकर पूछताछ की गई। पूछताछ में दोनों हैरान हो गए कि उनके खाते में इतने पैसे जमा हो गए। उनसे पूछताछ के बाद खातों की जांच की गई तो विश्वास के स्टेट बैंक के खाता की जानकारी मिली।

