अहमदाबाद. भारतीय स्टार विराट कोहली का एक प्रशंसक आस्ट्रेलिया के खिलाफ विश्व कप फाइनल (world cup final) के दौरान सुरक्षा घेरा तोड़कर मैदान में घुस गया जो फिलिस्तीन का समर्थक था और उसने उन्हें (विराट को) गले लगाने का प्रयास किया.
यह घटना पहले ड्रिंक ब्रेक से पहले हुई. सुरक्षाकर्मियों ने इस व्यक्ति को पकड़ लिया. उसका नाम वेन जॉनसन है और वह चीनी फिलिपिनो मूल का आस्ट्रेलियाई है. उसे गिरफ्तार कर चंद खेड़ा पुलिस स्टेशन ले जाया गया है.
क्रिकेट मैच में राजनीतिक नारेबाजी अपराध है लेकिन जॉनसन विदेशी नागरिक है तो नहीं पता कि उसके खिलाफ किस तरह की कार्रवाई की जाएगी. जॉनसन ने चेहरे पर फिलिस्तीन के झंडे के डिजाइन वाला मास्क लगाया हुआ था औरद टी शर्ट के दोनों ओर भी इसके समर्थन के स्लोगन लिखे हुए थे. टी शर्ट के आगे ‘फिलिस्तीन पर बमबारी बंद करो’ और पीछे ‘फिलिस्तीन को बचाओ’ लिखा था. अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) अपने आयोजन के दौरान किसी भी राजनीतिक नारेबाजी की अनुमति नहीं देता है और भारत में भी इसकी अनुमति नहीं है. इजरायल और फिलिस्तीन आतंकवादी ग्रुप हमास के बीच सात अक्टूबर से लड़ाई चल रही है.

