जिले में पारिवारिक विवाद के कारण 40 वर्षीय एक व्यक्ति ने अपने तीन बच्चों के साथ बांध में कथित तौर पर छलांग लगा दी। जिससे दो बच्चों की डूबने से मौत हो गई। हादसा मध्य प्रदेश के खरगोन जिले का है।
जानकारी के अनुसार घटना रविवार को जिला मुख्यालय से लगभग पांच किलोमीटर दूर कुंदा नदी पर स्थित तोरण बांध पर हुई। खरगोन कोतवाली के प्रभारी बी एल मंडलोई ने बताया कि शहजाद ने दोपहर में अपने चार और सात साल के दो बेटों और आठ साल की बेटी के साथ बांध में छलांग लगा दी। उन्होंने बताया कि वहां मौजूद कुछ लोगों ने शहजाद और उसकी बेटी को बचा लिया, जबकि उनके दोनों बेटे डूब गए। अधिकारी ने बताया कि शहजाद की पत्नी ने करीब एक सप्ताह पहले दूसरी बेटी को जन्म दिया था।

