कांकेर। शहर की पॉश कॉलोनी उदय नगर में भालू पहुंच गया। मार्निंग वॉक करने निकल रही महिला पर भालू ने हमला किया। शोरगुल सुनकर तुरंत महिला के पति पहुंच गए और पत्नी को घर के अंदर किया। समय पर पति के नहीं पहुंचने पर गंभीर हादसा हो सकता था।
जानकारी के मुताबिक घटना शुक्रवार सुबह की है। उदयनगर कॉलोनी निवासी लक्ष्मी ठाकुर 52 वर्ष 24 नवंबर की सुबह 6 बजे मार्निंग वॉक के लिए रोज की तरह निकली थी। घर से कुछ दूरी पर भालू महिला के पास आ गया और उन पर हमला कर दिया। महिला जमीन पर गिर गई। भालू ने पंजे से महिला के जांघ पर वार किया। महिला ने शोर मचाया। जिसे सुनकर घर से पति पवन ठाकुर आए और शोर मचाकर भालू को भगाया। जिसके बाद भालू पहाड़ी की तरफ भाग गया। यदि महिला के पति सही समय पर नहीं पहुंचते तो गंभीर हादसा हो सकता था। हादसे में महिला को साधारण चोंट आई है। परिजन महिला को लेकर अस्पताल पहुंचे। जहां इलाज के बाद डॉक्टर ने डिस्चार्ज दे दिया। कॉलोनीवासियों का कहना है कि भालू रोजाना सुबह शाम पहाड़ी से नीचे उतरकर कॉलोनी पहुंचता है। इस हादसे के बाद कॉलोनी में रहने वाले एक दूसरे को भालू से सतर्क रहने की समझाईश दी गई है।

