अलीगढ़ शादी की तारीख तय हो चुकी थी. कार्ड बंट चुके थे. घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं. कुछ दिन में घर में मेहमानों की आवाजाही शुरू होने वाली थी. दुल्हन बनने जा रही लड़की खुश थी और आंखों में तमाम सपने सजाए खुशियां मना रही थी. लेकिन इस सबके बीच एक अजीब घटना हो गई, जिसका अंदाजा शायद किसी को भी नहीं होगा.
वो लड़का, जो इस लड़की का हमसफर बनने वाला था, दिल कहीं और लगा बैठा. जिससे दिल लगा, वो दुल्हन की मां यानी होने वाली सास थी. दोनों की लवस्टोरी शुरू हो गई और इस शादी से पहले ही लड़का होने वाली सास के साथ फरार हो गया. शादी से कुछ दिन पहले दोनों ऐसे गायब हुए. घर में हड़कंप मच गया. दुल्हन ठगी-सी रह गई, उसके पिता के पैरों तले ज़मीन खिसक गई और रिश्तेदार हैरान रह गए.
दुल्हन शिवानी ने बताया ‘मेरी शादी 16 अप्रैल को होनी थी.बारात दादों थाना क्षेत्र से आनी थी. लड़के का नाम राहुल था. राहुल ने मेरी मां को फोन गिफ्ट किया था. दोनों के बीच खूब बात होती थी. फिर मेरी मां उसके साथ भाग गई. हमें उससे मतलब नहीं है लेकिन घर में साढ़े तीन लाख रुपये और पांच लाख के जेवर रखे थे, वो लेकर चली गई है. लड़के ने जो कुछ सिखाया-पढ़ाया, वही मेरी मां ने किया है. घटना 6 अप्रैल की है.मुझे अपनी मां से तो कोई लेना-देना नहीं है, बस प्रशासन से यही मांग है कि हमें पैसे और जेवर वापस दिलवा दे.
पीड़ित पति ने बताया मुझे मेरी पत्नी से साली को निमंत्रण देने के लिए भेज दिया था. मैं जब वापस 4 बजे घर लौटा तो देखा पत्नी घर पर नहीं है. मैंने उसे फोन मिलाया तो पत्नी ने फोन स्विच ऑफ कर लिया. फिर मैंने लड़के राहुल को फोन लगाया. वह लगातार बरगलाता रहा. फिर रात 10 बजे उसने कहा कि तुम्हारी शादी के 20 साल होने जा रहे हैं. तुमने 20 साल रख लिया है, अब तुम अपनी पत्नी को भूल जाओ.फिर मैंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है. पुलिस ने दो दिन में कार्रवाई पूरा करने का आश्वासन दिया है.

