ग्वालियर। ग्वालियर में 3 साल की मासूम के साथ दो युवकों ने चॉकलेट दिलाने के बहाने गलत हरकत किए जाने का मामला सामने आया है। दोनों आरोपी मासूम को कार में अपने साथ ले गए थे। पुलिस ने मासूम की मां की शिकायत पर दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है और एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दूसरा फरार हो गया है।
दरअसल, डबरा सिटी थाना क्षेत्र के रहने वाला पीड़ित बच्ची का परिवार किराए से कमरा लेकर रहता है। कल शाम बच्ची की मां किचन में खाना बना रही थी इस दौरान मकान मालिक का बेटा आरोपी आकाश गुप्ता अपने दोस्त लव के साथ आया और बच्ची को चॉकलेट दिलाने के बहाने कार में बिठाकर अपने साथ ले गया।
कुछ देर बाद दोनों युवक बच्ची को घर वापस लेकर आए। बच्ची को सहमा सा देखकर उसकी मां ने उससे पूछताछ की तो उसने अपने साथ दोनों युवकों द्वारा गलत हरकत किए जाने की बात बताई जिसके चलते बच्ची की मां ने उसके पिता को बुलाकर घटना बताई और बच्ची को थाने लेकर पहुंचे और शिकायत की।

