कोलकाता। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने रविवार को कोलकाता में भाजपा कार्यकर्ताओं की एक बड़ी सभा को संबोधित किया। अपने भाषण की शुरुआत उन्होंने बंगाल की महान विभूतियों स्वामी विवेकानंद, नेताजी सुभाष चंद्र बोस, और डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी को श्रद्धांजलि अर्पित कर की। मंच से उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि 2026 में पश्चिम बंगाल में भाजपा की सरकार बनेगी, घुसपैठ रुकेगी और हिंदुओं का पलायन बंद होगा।
सभा में उत्साहित कार्यकर्ताओं के बीच शाह ने जोरदार तरीके से भारत माता की जय और जय श्रीराम के नारे लगाए जिससे पूरा माहौल राष्ट्रभक्ति और जोश से भर उठा। अमित शाह ने अपने भाषण में पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा वर्षों तक बंगाल में वामपंथियों का शासन रहा। फिर ममता बनर्जी ‘मां, माटी, मानुष’ का नारा देकर सत्ता में आईं लेकिन उन्होंने बंगाल को घुसपैठ, बम धमाकों, महिलाओं पर अत्याचार और हिंदुओं के पलायन की भूमि बना दिया।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने आरोप लगाया कि ममता सरकार के कार्यकाल में भाजपा कार्यकर्ताओं पर अत्याचार हुए और सैकड़ों कार्यकर्ताओं की हत्या कर दी गई। उन्होंने कहा की दीदी सुन लीजिए अब आपका समय खत्म हो गया है। 2026 में बंगाल में भाजपा की सरकार बनेगी।


