जशपुर। जशपुर जिले के बगीचा थाना परिसर में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां रिपोर्ट दर्ज कराने आए फरियादी से मारपीट करने और ड्यूटी में तैनात पुलिसकर्मी पर पालतू कुत्ते से हमला करवाने के आरोप में तीन महिलाएं और दो पुरुषों सहित कुल पांच आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। घटना 17 जून की रात करीब 12 बजे की है। फरियादी दीपक जयसवाल, निवासी बगीचा, किसी मारपीट की शिकायत दर्ज कराने थाने पहुंचा था, तभी झारखंड के हजारीबाग जिले के बरही थाना क्षेत्र से आए आरोपीगण, जो वर्तमान में बस स्टैंड पारा, बगीचा वार्ड नंबर 07 में रह रहे हैं, थाने में पहुंचकर दीपक जयसवाल और उसके साथियों से हाथापाई करने लगे।
थाना ड्यूटी पर तैनात आरक्षक क्रमांक 644 धनेश्वर राम ने जब मारपीट रोकने की कोशिश की, तो आरोपियों ने उनके साथ झूमाझटकी की। इसी दौरान आरोपियों ने अपने पालतू कुत्ते को इशारा कर पुलिसकर्मी पर हमला करवाया, जिससे कुत्ते ने आरक्षक के पैर में गंभीर रूप से काट लिया। बीच-बचाव करने आए अन्य पुलिसकर्मियों, प्रधान आरक्षक लक्ष्मण सिंह और एएसआई राजकुमार पैकरा के साथ भी आरोपियों ने धक्का-मुक्की की। हंगामा होते देख आरोपी घटनास्थल से भाग निकले, लेकिन पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सभी को सुबह विशेष रेड टीम के जरिए हिरासत में ले लिया।

