जगदलपुर। मानसून के आते ही बस्तर में नदियों और नालों का जल स्तर बढ़ने लगा है, और ऐसे में पर्यटकों का सबसे बड़ा आकर्षण हैं बस्तर के जलप्रपात, जो बेहद खूबसूरत नज़र आने लगे हैं। ‘मिनी नियाग्रा फॉल्स’ के रूप में प्रसिद्ध चित्रकोट जलप्रपात की खूबसूरती देखते ही बन रही है। लगातार हो रही बारिश के बावजूद पर्यटक चित्रकोट जलप्रपात के रौद्र रूप को देखने के लिए बड़ी संख्या में यहाँ पहुँच रहे हैं।
बस्तरवासियों के लिए भी चित्रकोट जलप्रपात हमेशा से पहली पसंद रहा है। साल के बाकी दिनों की अपेक्षा बरसात के दिनों में यहाँ आने वाले पर्यटकों की संख्या कई गुना बढ़ जाती है। जलप्रपात में इंद्रावती नदी का प्रवाह बेहद तेज है। बारिश के चलते मटमैले पानी में जलप्रपात का रंग भी बदल जाता है। लगातार हो रही बारिश के चलते जलप्रपात का आकार भी बड़ा और भव्य होता जा रहा है। करीब 80 फ़ीट की ऊँचाई से गिरता हुआ जलप्रपात की आवाज़ भी पर्यटकों को अपनी ओर आकर्षित कर रही है। जलप्रपात के नीचे से उठती पानी की फुहार ने पूरे जलप्रपात को ढक लिया है।

