अभनपुर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रेडियो कार्यक्रम की 139वीं कड़ी का श्रवण; सीएम साय बोले—‘मन की बात’ जनभागीदारी और राष्ट्रसेवा की प्रेरणा का सशक्त माध्यम
रायपुर, 25 अक्टूबर 2026। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने रायपुर जिले के अभनपुर स्थित अग्रवाल भवन में पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी और सिद्धार्थ शंभू के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ की 139वीं कड़ी का श्रवण किया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री साय ने कहा कि ‘मन की बात’ देश की लोकशक्ति की आराधना और 140 करोड़ देशवासियों के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आत्मीय जुड़ाव का सशक्त माध्यम है। इस कार्यक्रम के जरिए समाज, पर्यावरण, संस्कृति, नवाचार और जनसेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाले सामान्य नागरिकों के असाधारण प्रयासों को राष्ट्रीय पहचान मिलती है। ऐसे प्रेरक उदाहरण लोगों को समाज और राष्ट्र के लिए कुछ नया करने की प्रेरणा देते हैं।
‘मन की बात’ में छत्तीसगढ़ की संस्कृति और जनजातीय परंपराओं को मिली पहचान
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि छत्तीसगढ़वासियों के लिए गर्व का विषय है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘मन की बात’ की विभिन्न कड़ियों में प्रदेश की समृद्ध संस्कृति, जनजातीय परंपराओं, खेल प्रतिभाओं, जल संरक्षण, पोषण और नवाचार से जुड़े प्रयासों को प्रमुखता से स्थान दिया है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने बस्तर ओलंपिक और बस्तर पंडुम का उल्लेख कर बस्तर की खेल प्रतिभाओं और समृद्ध जनजातीय संस्कृति को राष्ट्रीय पहचान दिलाई है। आज बस्तर शांति, विश्वास और विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है और अपनी युवा प्रतिभाओं तथा सांस्कृतिक विरासत के माध्यम से नई पहचान बना रहा है।
कोरिया के ‘पांच प्रतिशत मॉडल’ से जल संरक्षण को बढ़ावा
मुख्यमंत्री ने कोरिया जिले में जल संरक्षण के अभिनव ‘पांच प्रतिशत मॉडल’ की सराहना का उल्लेख किया। इस मॉडल के तहत किसान अपनी भूमि के पांच प्रतिशत हिस्से में तालाब बनाकर वर्षा जल का संचय करते हैं। इससे सिंचाई की जरूरतों को पूरा करने के साथ भूजल संरक्षण को भी बढ़ावा मिलता है।
उन्होंने कहा कि ऐतिहासिक मल्हार के ताम्रपत्रों और पोषण से जुड़े ‘हर घर मुनगा’ जैसे प्रयासों का ‘मन की बात’ में उल्लेख छत्तीसगढ़ की विशिष्ट पहचान को राष्ट्रीय मंच पर सामने लाता है।
स्थानीय उत्पादों, खादी और नवाचार को बढ़ावा देने का संदेश
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘मन की बात’ की 139वीं कड़ी में कार्यक्रम की 12 वर्षों की यात्रा का उल्लेख करते हुए देश के सामान्य नागरिकों के परिश्रम, सेवा और समर्पण की सराहना की। कार्यक्रम में पंजाब में प्राकृतिक कपास की खेती और बुनकरी के माध्यम से महिला सशक्तिकरण, उत्तराखंड में हेवल नदी के पुनर्जीवन, स्थानीय उत्पादों को वैश्विक पहचान दिलाने और खादी की बढ़ती लोकप्रियता जैसे प्रयासों का जिक्र किया गया।
प्रधानमंत्री ने त्योहारों के अवसर पर स्थानीय कारीगरों के उत्पादों को प्राथमिकता देने और ‘वोकल फॉर लोकल’ अभियान को आगे बढ़ाने का आह्वान किया। उन्होंने ई-संजीवनी, आधुनिक अनुसंधान, युवाओं के डीप-टेक स्टार्टअप, श्रीअन्न की खेती और अंगदान के महत्व को भी रेखांकित किया।
इसके साथ ही सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर ‘रन फॉर यूनिटी’ में सहभागिता, स्वच्छता और सामाजिक एकता को मजबूत करने का संदेश दिया गया।
विकसित भारत के लिए जनभागीदारी जरूरी: मुख्यमंत्री साय
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि प्रधानमंत्री के विचार लोगों को अपने आसपास हो रहे सकारात्मक कार्यों से प्रेरणा लेने और समाज तथा राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों को पूरी निष्ठा से निभाने के लिए प्रोत्साहित करते हैं।
उन्होंने कहा कि ‘मन की बात’ ने स्वच्छता, पर्यावरण एवं जल संरक्षण, स्थानीय उत्पादों के प्रोत्साहन, नवाचार, सेवा और जनभागीदारी को जन-जन से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि विकसित भारत के निर्माण में विकसित छत्तीसगढ़ की महत्वपूर्ण भूमिका है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प को साकार करने के लिए जनभागीदारी, नवाचार और कर्तव्य के प्रति समर्पण आवश्यक है। सामूहिक प्रयासों से छत्तीसगढ़ और देश विकास की नई ऊंचाइयों की ओर आगे बढ़ेंगे।
इस अवसर पर रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल, सांसद लक्ष्मी वर्मा, अभनपुर विधायक इंद्र कुमार साहू सहित अन्य जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित थे।


