नईदिल्ली। लगातार बढ़ रही जनसंख्या को नियंत्रित करने के लिए निरंतर रिसर्च किए जा रहे हैं। अभी तक बर्थ कंट्रोल के लिए महिलाओं के पास तो तमाम विकल्प मौजूद हैं, लेकिन पुरुषों के पास कंडोम और नसबंदी जैसे एक दो विकल्प ही ज्यादा असरकारक थे। वहीं अब जल्द ही महिलाओं के जैसे गर्भ निरोधक पिल पुरुषों के लिए भी बाजार में उपलब्ध होंगे। पुरुषों के लिए भी बर्थ कंट्रोल पिल्स (Birth Control Pills For Males) बनाने में लगभग सफलता हाथ लग गई है। इंसानों पर किए गए अपने पहले सेफ्टी टेस्ट में यह पिल पास भी हो गई है।
लाइव साइंस की रिपोर्ट के अनुसार इस पिल का नाम YCT-529 है। इस दवा को कोलंबिया यूनिवर्सिटी और YourChoice Therapeutics नाम की कंपनी ने मिलकर इजाद किया है। पहले कंपनी ने 16 लोगों पर इस दवा का ट्रायल किया है। टेस्ट के दौरान देखा गया कि दवा शरीर में सही मात्रा में पहुंच रही है या नहीं। साथ ही यह भी देखा गया कि दवा लेने वालों में गंभीर लक्षण जैसे दिल की धड़कन बढ़ना, हार्मोनल बदलाव, सूजन, सेक्सुअल क्षमता में बदलाव, तो नहीं सामने आ रहे हैं।
कंपनी ने ट्रायल के दौरान सभी को इसकी डोज दी। अच्छी बात यह रही कि टेस्ट के बाद किसी भी शख्स में कोई गंभीर लक्षण नजर नहीं आए। वहीं इस पिल का परीक्षण करने वाले डॉक्टरों की माने तो कम लोगों पर किए गए टेस्ट को इस दवा ने पास कर लिया है। अब यह दवा ज्यादा लोगों पर टेस्ट करने के लिए पूरी तरह से रेडी है। बड़े टेस्ट के दौरान दवा की सुरक्षा और असर दोनों पर ध्यान देना जरूरी होगा। 22 जुलाई को इसके परिणामों को कम्युनिकेशंस मेडिसिन जर्नल में प्रकाशित किया गया।
ऐसे में यदि आगे चलकर इस दवा को मंजूरी मिलती है तो यह इस कैटिगरी की पहली दवा होगी। मिनेसोटा यूनिवर्सिटी के फार्मेसी कॉलेज की प्रोफेसर गूंडा जॉर्ज का कहना है कि यह दवा पुरुषों के लिए एक सुरक्षित और असरदार विकल्प हो सकती है। इसकी वजह से कपल्स को बर्थ कंट्रोल के ज्यादा विकल्प मिल सकेंगे।
यह दवा शरीर में कुछ खास सिग्नल्स के जरिए स्पर्म निर्माण को अस्थायी रूप से रोक देती है। दरअसल, हमारे शरीर में रेटिनोइक एसिड रिसेप्टर अल्फा का एक प्रोटीन होता है। यह शरीर में स्पर्म का निर्माण करता है। यह दवा इसी प्रोटीन को कुछ समय के लिए रोक देती है, जिससे कुछ देर के लिए शरीर में स्पर्म प्रोडक्शन रुक जाता है।

