नई दिल्ली। उत्तराखंड के उत्तरकाशी में कुदरत का कहर देखने को मिला है। यहां बादल फटने से बड़ा हादसा हो गया। गंगोत्री धाम और मुखवा के पास स्थित धराली गांव में मंगलवार को बादल फटने से नाला उफान पर आ गया। जिससे तबाही मच गई। बाढ़ और मलबे की चपेट कई घर आ गए हैं। अब इस हादसे का वीडियो सामने आया है।
मिली जानकारी के अनुसार, यह हादसा मंगलवार दोपहर 1.45 बजे की है। उत्तरकाशी के डीएम प्रशांत आर्य ने जानकारी दी है कि इस हादसे में अब तक 4 लोगों की मौत हो गई है और 50 से ज्यादा लोग अभी भी लापता है। बताया जा रहा है कि बादल फटने से खीरगाड़ का जलस्तर बढ़ने से कस्बा धराली खीरगाड़ में भारी मलबा भी तेजी से बहता चला आया। इससे कस्बे के कई घरों को नुकसान पहुंचा है।
घटना की सूचना मिलते ही टीम SDRF, NDRF के साथ आर्मी भी मौके पर पहुंच गई है। वहीं पुलिस प्रशासन ने सोशल मीडिया एक्स पर इस घटना की जानकारी दी है। जिसमें उन्होंने कहा कि ‘हर्षिल क्षेत्र में खीर गाड़ का जलस्तर बढने से धराली में नुकसान होने की सूचना पर पुलिस, SDRF और आर्मी आदि आपदा दल मौके पर राहत एवं बचाव कार्य में जुटे हैंय उक्त घटना को देखते हुए सभी नदी से उचित दूरी बनाएं। स्वयं, बच्चों व मवेशियों को नदी से उचित दूरी पर ले जाएं।
आपको बता दें कि बादल फटने के बाद नाले में पानी के उफान से पूरे इलाके में दहशत फैल गई, अब इलाके में राहत और बचाव का काम शुरू हो चुका है। वहीं मुख्यमंत्री धामी ने भी घटना को लेकर दुख जताया है। उन्होंने कहा कि कहा, ‘धराली (उत्तरकाशी) क्षेत्र में बादल फटने से हुए भारी नुकसान का समाचार अत्यंत दुःखद एवं पीड़ादायक है। राहत एवं बचाव कार्यों के लिए SDRF, NDRF, जिला प्रशासन तथा अन्य संबंधित टीमें युद्ध स्तर पर जुटी हुई हैं।’

