विदिशा। विदिशा जिले की गंजबासौदा तहसील स्थित सुभद्रा शर्मा शासकीय कन्या महाविद्यालय में एक शर्मनाक मामला सामने आया है जहां एक छात्रा ने कॉलेज में कार्यरत अतिथि अंग्रेजी प्रोफेसर डॉ. सरताज खान पर अश्लील मैसेज भेजकर परेशान करने का गंभीर आरोप लगाया है। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है और आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

जानकारी के अनुसार आरोपी प्रोफेसर सरताज खान जो कि जम्मू-कश्मीर का निवासी बताया जा रहा है बीते कई दिनों से छात्रा को आपत्तिजनक और अश्लील मैसेज भेज रहा था। इससे परेशान होकर छात्रा ने अपने भाई को मामले की जानकारी दी। जब छात्रा का भाई कॉलेज पहुंचा और प्राचार्य से बात करनी चाही तो आरोप है कि प्रोफेसर सरताज और प्रभारी प्राचार्य ने उसके साथ अभद्र व्यवहार किया। घटना की जानकारी मिलते ही अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषदऔर विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ता कॉलेज परिसर में पहुंच गए और घटना का विरोध करते हुए प्रदर्शन किया।
एबीवीपी के जिला संयोजक शुभम ठाकुर ने बताया कि आरोपी प्रोफेसर न केवल छात्रा को गंदे मैसेज करता था बल्कि उसे धमकाता भी था कि अगर उसने किसी को बताया तो गंभीर परिणाम भुगतने होंगे। विवाद की गंभीरता को देखते हुए देहात थाना और शहर थाना पुलिस बल मौके पर पहुंचा और स्थिति को नियंत्रित करते हुए आरोपी प्रोफेसर को हिरासत में ले लिया। विदिशा के पुलिस अधीक्षक रोहित काशवानी ने बताया कि छात्रा की शिकायत के आधार पर आरोपी सरताज खान के विरुद्ध छेड़छाड़ और धमकी देने जैसी गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।

