बरेली बॉलीवुड एक्ट्रेस दिशा पाटनी के बरेली स्थित घर पर हुई फायरिंग के मामले में उत्तर प्रदेश स्पेशल टास्क फोर्स ने बड़ी कार्रवाई की है। बुधवार शाम गाजियाबाद में एनकाउंटर के दौरान दो शूटरों अरुण और रविंद्र को ढेर कर दिया गया। दोनों ही कुख्यात गैंगस्टर रोहित गोदारा और कनाडा बेस्ड गैंगस्टर गोल्डी बराड़ के सक्रिय शूटर थे। दोनों पर एक-एक लाख रुपये का इनाम घोषित था।
एनकाउंटर के बाद रोहित गोदारा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक पर एक पोस्ट कर धमकी भरे लहजे में लिखा कि वो ढेर नहीं शहीद हुए हैं। इन भाइयों ने धर्म के लिए बलिदान दिया है। ये एनकाउंटर नहीं सनातन की हार हुई है। इसमें जिसका भी हाथ है वक्त लग सकता है माफी नहीं है।

11 और 12 सितंबर को बरेली में एक्ट्रेस दिशा पाटनी के घर पर अज्ञात हमलावरों ने फायरिंग की थी। इस घटना के बाद पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए यूपी STF ने हरियाणा और दिल्ली पुलिस के साथ मिलकर जांच शुरू की। एनकाउंटर में मारे गए दोनों शूटरों की पहचान हरियाणा निवासी अरुण और रविंद्र के रूप में हुई है। जांच में सामने आया कि दोनों रोहित गोदारा और गोल्डी बराड़ गैंग के लिए काम करते थे और कई संगीन मामलों में वांछित थे। घटना में शामिल दो अन्य शूटर नकुल और विजय जो बागपत के रहने वाले हैं अब भी फरार हैं।

