भिंड। दबोह के मुख्य शराब ठेके के सामने स्थानीय थाने पदस्थ एएसआई द्वारा सार्वजनिक रूप से शराब लेने की कोशिश करने का मामला सामने आया। घटना से वहां मौजूद लोगों में आक्रोश मचा और मोबाइल कैमरों में पूरा नजारा कैद हो गया। अब वरिष्ठ अधिकारियों से त्वरित जवाब और निष्पक्ष जांच की मांग उठ रही है।
दरअसल, नगर में संचालित शराब ठेके के सामने शनिवार की रात्रि लगभग 11 बजे एक एएसआई ने कथित तौर पर शराब लेने की जिद की, जिसके बाद शराब ठेके के कर्मचारियों से जमकर बहस हुई और ठेके के सामने सार्वजनिक जगह पर विवाद बढ़ गया।घटना के दौरान मौके पर लोग इकट्ठा हो गए और कई लोगों ने मोबाइल से वीडियो बनाकर घटना रिकॉर्ड कर ली। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पुलिसकर्मी को जब शराब ठेका पर बैठे कमर्चारियों ने शराब नहीं दी तो एएसआई महोदय जोर शोर की भाषा का इस्तेमाल कर ठेकेदार को गाली देते हुए अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए अपनी वर्दी का रौब झाड़ने लगे।
पुलिस का यह रूप देखकर लोगों ने कहा कि यह देखकर भरोसा उठ जाता है कि कानून लागू करने वाला भी नियमों का उल्लंघन कर सकता है। कई लोगों ने यह भी कहा कि ऐसे व्यवहार से आम लोगों में कानून व्यवस्था और नैतिकता को लेकर संदेह पैदा होगा। ठेके पर बैठे कर्मचारी ने बताया कि दबोह थाने में पदस्थ एएसआई शिवदयाल नागर बिना रुपये दिए शराब ले रहे थे। हमने मना किया तो ठेकेदार को गाली गलौच कर अभद्र भाषा का उपयोग करने लगे और सड़क पर हंगामा करने लगे।
घटनास्थल पर उपस्थित लोगों ने बताया कि कुछ देर के लिए सड़क पर भी अफरा-तफरी मची रही। जिससे मामला तेजी से स्थानीय समुदाय में फैल गया।स्थानीय नागरिकों और सामाजिक संगठनों ने उच्च अधिकारियों से जांच कराने और वीडियो में दिख रहे एएसआई के खिलाफ अनुशासनिक कार्रवाई की मांग की है।

