पटना। बिहार विधानसभा चुनाव में एनडीए ने शानदार जीत दर्ज करते हुए 202 सीटों पर कब्जा किया है। वहीं, प्रचंड जीत के बाद एनडीए ने नए सरकार के गठन की कवायद शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि एनडीए ने अपने सभी विधायकों को सोमवार को पटना तलब किया है। कहा जा रहा है कि सोमवार को आखिरी कैबिनेट की बैठक होगी, जिसके बाद नीतीश कुमार सीएम पद से इस्तीफा दे सकते हैं।
वहीं, दूसरी ओर कल जदयू के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्य संजय झा ने दिल्ली में गृहमंत्री अमित शाह से मुलाकात की है। इसके साथ ही बीजेपी, जेडीयू, लोजपा आर, हम और रालोमो के नेता नई सरकार के गठन के लिए गहन मंथन कर रहे हैं। ऐसे में सूत्रों का दावा है कि नीतीश कुमार सोमवार को सीएम पद से इस्तीफा दे सकते हैं और बुधवार को नई सरकार के लिए शपथग्रहण समारोह का आयोजन किया जा सकता है। हालांकि इस संबंध में अभी तक कोई अधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
एनडीए गठबंधन के हालात को देखा जाए तो ये कहना गलत नहीं होगा नीतीश कुमार ही बिहार के नए मुख्यमंत्री होंगे। इससे पहले चिराग पासवान सहित कई बड़े नेताओं ने ये संकेत दिया है कि गठबंधन ने नीतीश कुमार के ही नाम पर मुहर लगाने का फैसला किया है। हालांकि नए सीएम के नाम का फैसला विधायक दल की बैठक में किया जाएगा। साथ ही ये भी माना जा रहा है कि डिप्टी सीएम के नाम पर भी विधायक दल कह बैठक में मंथन किया जा सकता है।
दूसरी ओर असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन ने नीतीश कुमार को गठबंधन के लिए न्योता दिया है। एआईएमआईएम बिहार के आधिकारिक एक्स हैंडल पर लिखा गया कि अभी भी सरकार बनाने का मौका है। पार्टी का कहना है कि जेडीयू, राजद, कांग्रेस, आईएमआईएम, सीपीआईएमएल, सीपीआईएम मिल जाएं तो सरकार बन सकती है। गौरतलब है कि जेडीयू के पास 85 तो आरजेडी के पास 25 सीटें हैं। वहीं कांग्रेस और एआईएमआईएम ने क्रमश: 6 और 5 सीटों पर कब्जा जमाया है। सीपीआई-एमएल और सीपीआई एम ने 3 सीटों पर जीत हासिल की है। इनका योग 124 होता है, जोकि बिहार में बहुमत के जादुई आंकड़े 122 से दो अधिक है।

