रायपुर। छत्तीसगढ़ पर्यटन बोर्ड राज्य की स्थापना के रजत जयंती वर्ष के अवसर पर 8 दिसंबर से 21 दिसंबर 2025 तक विशेष गतिविधियों और प्रतियोगिताओं की भव्य श्रृंखला आयोजित कर रहा है। इस दौरान प्रदेश के विभिन्न पर्यटन स्थलों, रिसॉर्ट्स और पर्यटन बोर्ड के प्रधान कार्यालय रायपुर में रचनात्मक और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, जिनका उद्देश्य छत्तीसगढ़ पर्यटन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाना है।
इसी क्रम में पर्यटन बोर्ड द्वारा 19 दिसंबर 2025 को सरगुजा जिले के मैनपाट स्थित करमा रिसॉर्ट में लोकनृत्य प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागी को 7 हजार रुपये, द्वितीय को 5 हजार रुपये तथा तृतीय को 3 हजार रुपये नकद पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। सभी विजेताओं को प्रमाणपत्र भी भेंट किए जाएंगे।
पर्यटन बोर्ड ने बताया कि प्रतियोगिता के दौरान कैद किए गए छायाचित्रों और वीडियो को छत्तीसगढ़ पर्यटन बोर्ड की प्रचार सामग्री एवं डिजिटल प्लेटफॉर्म पर प्रमुखता से स्थान दिया जाएगा। इससे प्रतिभागियों को राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिलने का अवसर प्राप्त होगा।
पर्यटन बोर्ड का मानना है कि ऐसे आयोजन न केवल स्थानीय पर्यटन को बढ़ावा देंगे, बल्कि युवाओं में लोककला और सांस्कृतिक विरासत के प्रति रुचि और उत्साह भी जागृत करेंगे। बोर्ड ने राज्य के युवाओं, पर्यटकों और आम नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने की अपील की है।
प्रतियोगिता से संबंधित विस्तृत जानकारी के लिए मोबाइल नंबर +91-93991-61360 पर संपर्क किया जा सकता है।

