बिलासपुर जिले में अवैध धान भंडारण एवं परिवहन पर प्रभावी नियंत्रण के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा लगातार सघन कार्रवाई की जा रही है। कलेक्टर के निर्देशानुसार गठित संयुक्त जांच दल ने विभिन्न क्षेत्रों में छापामार कार्रवाई करते हुए पांच अलग-अलग संस्थानों से कुल 138.50 क्विंटल अवैध धान जब्त किया है। जब्त किए गए धान की अनुमानित कीमत सवा चार लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है।
संयुक्त जांच दल द्वारा कृषि उपज मंडी समिति तखतपुर क्षेत्र अंतर्गत ग्राम नरौटीकापा में जितेन्द्र साहू के संस्थान से 30 क्विंटल, ग्राम गोबंद में सीताराम साहू के संस्थान से 30 क्विंटल तथा ग्राम सकरा में अमरदास मानिकपुरी के संस्थान से 20 क्विंटल अवैध धान जब्त किया गया।
इसी तरह कृषि उपज मंडी समिति जयरामनगर क्षेत्र अंतर्गत ग्राम जुनवानी स्थित दिव्या किराना स्टोर से 32 क्विंटल तथा ग्राम बिनोरी में रामजी चतुर्वेदी के संस्थान से 26.50 क्विंटल अवैध धान जब्त किया गया है।
प्रशासन द्वारा अवैध धान भंडारण एवं परिवहन में संलिप्त संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए भविष्य में भी इस प्रकार की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

