जांजगीर-चांपा जिले में अवैध रेत उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण की गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा निरंतर सख्त कार्रवाई की जा रही है। कलेक्टर के निर्देशानुसार खनिज विभाग के जिला स्तरीय उड़नदस्ता दल एवं राजस्व अमले की संयुक्त टीम द्वारा जिले के विभिन्न क्षेत्रों में औचक निरीक्षण एवं जांच अभियान चलाया गया।
इस दौरान चांपा क्षेत्र में की गई जांच में खनिज रेत के अवैध भंडारण स्थल से एक ट्रैक्टर (लोडर) तथा अवैध परिवहन में संलिप्त चार ट्रैक्टर पाए गए। संबंधित वाहनों के अवैध गतिविधियों में शामिल पाए जाने पर खनिज नियमों के तहत उन्हें जब्त कर लिया गया।
इसी क्रम में ग्राम बरसपुर स्थित हसदेव नदी क्षेत्र में अवैध रूप से खनिज रेत का उत्खनन करते हुए एक चैन माउंटेन मशीन को जब्त कर सील किया गया। इसके अतिरिक्त तहसील बलौदा क्षेत्र में अवैध रेत परिवहन करते पाए जाने पर तीन ट्रैक्टरों को भी जब्त किया गया है।
खनिज विभाग द्वारा अवैध गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों एवं वाहनों के विरुद्ध खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम, 1957 की धारा 21 से 23(ख) के अंतर्गत विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध खनन एवं परिवहन के विरुद्ध आगे भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

