बिलासपुर। राज्य युवा महोत्सव-2025 का आयोजन 23 से 25 दिसम्बर तक किया जाएगा। इसमें प्रदेश भर से लगभग 3100 युवा भाग लेंगे। आयोजन खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा राज्य खेल प्रशिक्षण केंद्र, बहतराई में किया जा रहा है। जिला स्तर पर चयनित प्रतिभागी 14 अलग-अलग विधाओं में अपनी प्रतिभा दिखाएंगे।
राज्य युवा महोत्सव के विजेता प्रतिभागी अगले वर्ष होने वाले राष्ट्रीय युवा महोत्सव में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करेंगे। 23 दिसम्बर को उद्घाटन समारोह के दौरान छत्तीसगढ़ में होने वाले पहले खेलो इंडिया ट्रायबल गेम्स की लॉन्चिंग भी की जाएगी। महोत्सव के दौरान सांस्कृतिक और मंचीय कार्यक्रम भी आयोजित होंगे।
उप मुख्यमंत्री एवं खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में आयोजन की जानकारी दी और महोत्सव के पोस्टर का विमोचन किया।

