बांसवाड़ा। संविदा कर्मचारियों के लिए साल 2026 राहत और खुशियों की सौगात लेकर आ सकता है। लंबे समय से नियमितीकरण की मांग कर रहे संविदा कर्मचारियों को अब स्थायी नियुक्ति का लाभ मिलने की उम्मीद है। डबल इंजन सरकार ने संविदा कर्मचारियों को पर्मानेंट करने का बड़ा फैसला लिया है।
मुख्यमंत्री के निर्देश से तेज हुई प्रक्रिया
प्रदेश के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने अधिकारियों और विभागीय मंत्रियों को संविदा कर्मचारियों के नियमितीकरण को लेकर आवश्यक निर्देश जारी कर दिए हैं। मुख्यमंत्री के आदेश के बाद नियमितीकरण की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है और जनवरी 2026 तक कर्मचारियों को इसका लाभ मिलने की संभावना है।
शिक्षकों के नियमितीकरण की फाइल आगे बढ़ी
शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने जानकारी दी कि मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार शिक्षकों के कल्याण से जुड़ी फाइल सक्षम स्तर पर भेज दी गई है। इससे संविदा शिक्षकों के नियमितीकरण का रास्ता साफ होने की उम्मीद है।
पदोन्नति के लंबित मामलों का होगा निपटारा
शिक्षा मंत्री ने बताया कि थर्ड ग्रेड से सेकेंड ग्रेड में शिक्षकों की लंबित पदोन्नति से जुड़े प्रकरणों को भी जल्द सुलझाया जाएगा। इस विषय में मुख्यमंत्री और संबंधित अधिकारियों से बातचीत हो चुकी है।
शिक्षक संघ को मिलेगी मान्यता
उन्होंने कहा कि शिक्षक संघ राष्ट्रीय को शीघ्र ही सरकार की मान्यता दी जाएगी। पूर्व में वित्त विभाग की कुछ तकनीकी आपत्तियों के कारण प्रक्रिया में देरी हुई थी, जिन्हें अब दूर कर लिया गया है।
शिक्षकों से अनुशासन और प्रेरणादायक आचरण की अपील
शिक्षा मंत्री ने शिक्षकों से अपील की कि वे ऐसा आचरण रखें जिससे छात्र-छात्राएं उनसे प्रेरणा लें और शिक्षा का स्तर बेहतर हो।
ट्यूशन को प्राथमिकता देने वालों पर सख्त कार्रवाई
शिक्षा मंत्री ने स्पष्ट किया कि यदि कोई शिक्षक स्कूल की पढ़ाई की बजाय ट्यूशन को प्राथमिकता देता है और उसके खिलाफ शिकायत मिलती है, तो जांच के बाद तत्काल कार्रवाई की जाएगी। ऐसे मामलों में नौकरी समाप्त करने तक की कार्रवाई की जा रही है।
स्कूलों में केवल स्वदेशी सामग्री की खरीद
सरकार ने निर्देश दिए हैं कि विद्यालयों में केवल स्वदेशी सामग्री ही खरीदी जाए। यदि किसी स्कूल में विदेशी सामान खरीदे जाने की शिकायत मिलती है, तो संबंधित के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

