रायपुर। छत्तीसगढ़ शासन में संवेदनशीलता, तत्परता और जनहित के प्रति प्रतिबद्धता का उदाहरण उस समय देखने को मिला, जब महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने एक पीड़ित महिला की महीनों से लंबित समस्या का तत्काल समाधान सुनिश्चित कराया।
नोनी सुरक्षा योजना से जुड़े दस्तावेजों में नाम सुधार को लेकर पीड़ित महिला लंबे समय से विभागीय कार्यालयों के चक्कर लगा रही थी। बार-बार आवेदन और निवेदन के बावजूद उसकी समस्या का समाधान नहीं हो पा रहा था, जिससे वह मानसिक रूप से काफी परेशान थी।
रायपुर में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान जब महिला ने अपनी समस्या मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े के समक्ष रखी, तो उन्होंने पूरी संवेदनशीलता के साथ उसकी बात सुनी। मंत्री ने बिना देरी किए मौके पर ही संबंधित विभागीय अधिकारी से फोन पर चर्चा की और समस्या के शीघ्र एवं समयबद्ध निराकरण के स्पष्ट निर्देश दिए।
मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा कि महिलाओं और बच्चों से जुड़ी योजनाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिनकी निष्क्रियता के कारण हितग्राही को अनावश्यक परेशानी उठानी पड़ी है, उनके विरुद्ध जवाबदेही तय की जाए।
मंत्री ने स्पष्ट किया कि सरकार की जनहितकारी योजनाओं का उद्देश्य केवल कागजों तक सीमित रहना नहीं है, बल्कि पात्र हितग्राहियों तक समय पर और सम्मानपूर्वक लाभ पहुंचाना है। महिलाओं और बच्चों से संबंधित किसी भी समस्या को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।
यह मामला राज्य में सुशासन और संवेदनशील प्रशासन का सकारात्मक संदेश देता है और यह दर्शाता है कि मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े जनहित से जुड़े मामलों में त्वरित निर्णय लेकर आमजन के विश्वास को लगातार मजबूत कर रही हैं।


