रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश में सुशासन के दो वर्षों के दौरान विकास कार्यों ने नई गति पकड़ी है। इसी क्रम में जशपुर जिले के कुनकुरी नगर पंचायत क्षेत्र को 107 करोड़ 32 लाख रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं की स्वीकृति दी गई है। इन योजनाओं से नगर की आधारभूत संरचना, स्वास्थ्य, शिक्षा, खेल, पर्यटन, यातायात और नागरिक सुविधाओं में व्यापक और दीर्घकालिक सुधार होगा।
युवाओं को आधुनिक खेल सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कुनकुरी नगर में 63 करोड़ 84 लाख रुपये की लागत से इंटीग्रेटेड स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के निर्माण को मंजूरी दी गई है। यह खेल परिसर क्षेत्रीय युवाओं की प्रतिभा को निखारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
नगर पंचायत क्षेत्र में 53 विभिन्न विकास कार्यों के लिए 5 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी गई है। इन कार्यों से नगर के वार्डों और मोहल्लों में बुनियादी सुविधाएं मजबूत होंगी और नागरिक सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार आएगा।
स्वास्थ्य क्षेत्र में कुनकुरी को बड़ी सौगात देते हुए 2 करोड़ 62 लाख रुपये की लागत से नेचुरोपैथी भवन निर्माण को मंजूरी दी गई है। इससे प्राकृतिक चिकित्सा, आयुर्वेद और योग को बढ़ावा मिलेगा तथा नागरिकों को वैकल्पिक स्वास्थ्य सेवाएं सुलभ होंगी।
पर्यटन और धार्मिक आस्था को सशक्त करने के लिए छठ घाट के समग्र विकास हेतु 5 करोड़ 17 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। घाट के सौंदर्यीकरण से पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय आर्थिक गतिविधियों में वृद्धि होगी।
कुनकुरी नगर में सांस्कृतिक और सामाजिक गतिविधियों के लिए 6 करोड़ 67 लाख रुपये की लागत से आधुनिक बहुउद्देशीय ऑडिटोरियम भवन का निर्माण किया जाएगा। शिक्षा के क्षेत्र में मजबूती लाने के उद्देश्य से नालंदा परिसर के 250 सीटर विस्तार के लिए 4 करोड़ 37 लाख रुपये की स्वीकृति दी गई है, जिससे विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिलेगा।
नगर की यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए 7 करोड़ 26 लाख रुपये की लागत से हाई-टेक बस स्टैंड का निर्माण किया जाएगा। वहीं बच्चों के मनोरंजन और सुरक्षित खेल के लिए 1 करोड़ 2 लाख रुपये की लागत से रिक्रिएशन चिल्ड्रन पार्क बनाया जाएगा। इसके अलावा 6 करोड़ रुपये की लागत से वार्ड क्रमांक 1 से 15 तक एलईडी स्ट्रीट लाइट और अन्य विकास कार्य किए जाएंगे, जिससे नगर में बेहतर प्रकाश व्यवस्था और सुरक्षा सुनिश्चित होगी।
इन सभी योजनाओं के माध्यम से कुनकुरी नगर तेजी से स्मार्ट सुविधाओं, बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं, सशक्त शिक्षा, आधुनिक यातायात और समृद्ध सांस्कृतिक गतिविधियों से युक्त एक आदर्श नगर के रूप में विकसित हो रहा है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के सुशासन में कुनकुरी नगर विकास और भविष्य की नई मिसाल बनता जा रहा है। नगरवासियों ने इन ऐतिहासिक विकास कार्यों के लिए मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया है।

