कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले से एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। जिले के एक पूर्व जनपद उपाध्यक्ष की इलाज के दौरान मौत हो गई। इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है, वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मिली जानकारी के अनुसार, पूर्व जनपद उपाध्यक्ष सड़क निर्माण कार्य का निरीक्षण करने गए थे। इसी दौरान कार में सवार तीन अज्ञात हमलावरों ने उन पर टंगिया और चाकू से अचानक हमला कर दिया। हमले में वे गंभीर रूप से घायल हो गए थे, जिन्हें तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
कई दिनों तक चले इलाज के बावजूद उनकी जान नहीं बचाई जा सकी और आज उन्होंने अस्पताल में दम तोड़ दिया। घटना के बाद से ही आरोपी फरार हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को आशंका है कि वारदात को पुरानी रंजिश के चलते अंजाम दिया गया है। फिलहाल पुलिस की टीम आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है और आसपास के इलाकों में दबिश दी जा रही है।

