हैदराबाद से एक चौंकाने वाला हत्या का मामला सामने आया है। 36 वर्षीय महिला ने अपने 22 वर्षीय प्रेमी और उसके दोस्त के साथ मिलकर अपने ही 45 वर्षीय पति की गला घोंटकर हत्या कर दी। घटना का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद हुआ। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
ट्यूशन पढ़ाते-पढ़ाते शुरू हुआ प्रेम प्रसंग
पुलिस के अनुसार, अशोक (45) की शादी 12 वर्ष पहले पूर्णिमा (36) से हुई थी। दोनों अपने 11 वर्षीय बेटे के साथ कॉलोनी में रहते थे। अशोक एक निजी कॉलेज में कार्यरत था, जबकि पूर्णिमा घर पर बच्चों को ट्यूशन पढ़ाती थी।
इसी दौरान कॉलोनी में रहने वाले पालेटी महेश (22) से पूर्णिमा की नजदीकियां बढ़ीं और धीरे-धीरे दोनों के बीच अवैध संबंध स्थापित हो गए। जब अशोक को इस रिश्ते की जानकारी हुई तो उसने पत्नी को कई बार समझाने और चेतावनी देने की कोशिश की, लेकिन कोई बदलाव नहीं आया।
पति को रास्ते से हटाने की रची साजिश
बताया जा रहा है कि प्रेम संबंध में बाधा बन रहे पति को हटाने के इरादे से पूर्णिमा ने अपने प्रेमी महेश और उसके दोस्त साई के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची।
चुन्नी से गला घोंटकर की हत्या
11 दिसंबर को जब अशोक ड्यूटी से घर लौटा, तो पहले से मौजूद महेश और साई ने पूर्णिमा के साथ मिलकर चुन्नी से उसका गला घोंट दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
हत्या के बाद पूर्णिमा ने पुलिस को सूचना दी कि उसके पति की मौत हार्ट अटैक से हुई है। हालांकि, मृतक के परिजनों को महिला की कहानी पर शक हुआ। उनकी शिकायत पर पुलिस ने पोस्टमार्टम कराया, जिसमें अशोक की मौत गला दबाने से होने की पुष्टि हुई।
पूछताछ में कबूला जुर्म
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद पुलिस ने सख्ती से पूछताछ की, जिसमें पूर्णिमा, महेश और साई ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

