मऊगंज। रीवा संभाग के मऊगंज से एक बेहद चौंकाने और संवेदनशील मामला सामने आया है। हनुमान थाना क्षेत्र में एक विवाहित महिला ने अपने मायके में आत्महत्या कर ली। आत्महत्या से पहले महिला ने करीब 10 पन्नों का सुसाइड नोट छोड़ा है, जिसमें उसने अपनी मौत के पीछे की वजहों का विस्तार से जिक्र किया है।
सुसाइड नोट में महिला ने ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उसने लिखा है कि उसे लंबे समय से मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था। महिला ने अपने पति और सास पर मारपीट का आरोप लगाते हुए यह भी लिखा है कि पति द्वारा पीरियड्स के दौरान भी जबरन शारीरिक संबंध बनाए जाते थे।
महिला ने अपने सुसाइड नोट में अपने मोबाइल फोन का पासवर्ड भी लिखा है और दावा किया है कि मोबाइल में कॉल रिकॉर्डिंग और फोटो मौजूद हैं, जो उसके आरोपों को साबित कर सकते हैं। नोट में महिला ने पति और सास को कभी माफ न करने की बात भी लिखी है।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस सुसाइड नोट की सत्यता की जांच कर रही है। जरूरत पड़ने पर हैंडराइटिंग एक्सपर्ट की भी मदद ली जा सकती है। महिला द्वारा लगाए गए आरोपों के आधार पर पुलिस ससुराल पक्ष से पूछताछ की तैयारी में जुट गई है।

