रायपुर। छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में कथित धर्मांतरण की घटना को लेकर उपजे विवाद ने पूरे प्रदेश में आक्रोश का माहौल पैदा कर दिया है। इस मामले के विरोध में सर्व समाज ने 24 दिसंबर 2025 को प्रदेशव्यापी बंद का आह्वान किया है। इस बंद को चैंबर ऑफ कॉमर्स का भी पूरा समर्थन मिला है।
बताया जा रहा है कि हाल ही में कांकेर जिले में शव दफनाने को लेकर हिंसक विवाद हुआ था। इसके बाद ईसाई मिशनरियों पर जबरन धर्मांतरण के आरोप लगे। सर्व समाज के प्रतिनिधियों ने इस पूरे मामले के लिए पुलिस प्रशासन की निष्क्रियता को जिम्मेदार ठहराया है और धर्मांतरण पर सख्त रोक लगाने की मांग की है।
सर्व समाज के अनुसार यह बंद सुबह 6 बजे से दोपहर 3 बजे तक शांतिपूर्ण तरीके से आयोजित किया जाएगा। बंद का उद्देश्य समाज को एकजुट करना और सरकार का ध्यान इस गंभीर मुद्दे की ओर आकर्षित करना है। दुर्ग समेत कई जिलों में बंद का व्यापक असर देखने को मिल सकता है, जहां बाजार और व्यावसायिक प्रतिष्ठान बंद रहने की संभावना है। जिला मुख्यालयों में इस संबंध में बैठकों का दौर भी जारी है।
चैंबर ऑफ कॉमर्स ने बंद के समर्थन में अपनी दुकानों को बंद रखने की घोषणा की है। संगठन ने सरकार से सख्त धर्मांतरण विरोधी कानून बनाने की मांग की है। वहीं BJP विधायक अजय चंद्राकर समेत कई जनप्रतिनिधियों ने भी बंद को समर्थन दिया है।
राजधानी रायपुर में चैंबर ऑफ कॉमर्स के सदस्य बंद कराने सड़कों पर उतरे। जयस्तंभ चौक सहित प्रमुख मार्गों पर व्यापारियों से दुकानें बंद रखने की अपील की गई। इस दौरान लोग हाथ जोड़कर समर्थन मांगते नजर आए। बंद के दौरान बजरंग दल के कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।


