बिलासपुर। बिलासपुर नगर निगम के इतिहास में आज का दिन एक नए विकास अध्याय की शुरुआत के रूप में दर्ज हो गया, जब नवपदस्थ आईएएस प्रकाश कुमार सर्वे ने नगर पालिक निगम कमिश्नर एवं स्मार्ट सिटी के एमडी के रूप में औपचारिक रूप से पदभार ग्रहण किया। पदभार संभालते ही उन्होंने स्पष्ट किया कि शासन की योजनाओं का समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण और जनहितकारी क्रियान्वयन उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी।
पदभार ग्रहण करने के बाद कमिश्नर प्रकाश कुमार सर्वे ने नगर निगम और स्मार्ट सिटी से जुड़े वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर वर्तमान में संचालित योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने कहा कि निगम के सभी कार्य शहरवासियों के सहयोग से पूरे किए जाएंगे, जिससे विकास की गति और गुणवत्ता दोनों सुनिश्चित हो सके।
कमिश्नर सर्वे ने कहा कि स्वच्छ सर्वेक्षण में बिलासपुर का देशभर में दूसरा स्थान प्राप्त करना गर्व की बात है, लेकिन अब लक्ष्य पहला स्थान हासिल करने का है। उन्होंने स्वच्छता को सतत और अनिवार्य प्रक्रिया बताते हुए कहा कि नागरिकों के सहयोग से स्वच्छता व्यवस्था को और बेहतर बनाया जाएगा।
अरपा नदी को बिलासपुर की जीवनदायिनी बताते हुए कमिश्नर सर्वे ने कहा कि अरपा उत्थान एवं तट संवर्धन योजना को गुणवत्ता के साथ निर्धारित समयसीमा में पूरा किया जाएगा। नदी को प्रदूषण मुक्त कर इसे शहर की नई पहचान बनाने की दिशा में ठोस कदम उठाए जाएंगे।
उन्होंने स्पष्ट किया कि नगर निगम और स्मार्ट सिटी के अंतर्गत चल रहे सभी विकास कार्यों को समय पर पूरा कराना उनकी प्राथमिकता है। इसके साथ ही पानी, सड़क, सफाई और प्रकाश जैसी मूलभूत सुविधाएं शहरवासियों को निर्बाध रूप से उपलब्ध कराई जाएंगी।
नगर निगम सीमा में हाल ही में शामिल किए गए नए क्षेत्रों में भी बुनियादी सुविधाओं और विकास कार्यों को प्राथमिकता के साथ पूरा करने की प्रतिबद्धता उन्होंने दोहराई। कमिश्नर सर्वे ने कहा कि कोई भी कार्य अकेले संभव नहीं होता, बेहतर टीम वर्क और जनसहयोग से ही बिलासपुर को सुंदर, स्वच्छ और विकसित शहर बनाया जा सकता है।
इससे पूर्व प्रभारी कमिश्नर खजांची कुम्हार ने नवनियुक्त कमिश्नर को विधिवत रूप से पदभार सौंपा।
नए कमिश्नर का स्पष्ट संदेश है कि विकास, स्वच्छता, पारदर्शिता और समयबद्ध कार्य ही उनका कार्यमंत्र होगा। बिलासपुर अब तेज, टिकाऊ और समावेशी विकास की राह पर आगे बढ़ने के लिए तैयार है।

