रायपुर। रेलवे ने यात्रियों की सुविधा और परिचालन संतुलन को ध्यान में रखते हुए 26 दिसंबर 2025 से यात्री किराया ढांचे में बदलाव किया है। रेलवे का कहना है कि इस युक्तिसंगत व्यवस्था से किराया वहनीय बना रहेगा और सेवाओं की निरंतरता भी सुनिश्चित होगी। संशोधित ढांचे के तहत उपनगरीय सेवाओं और सीजन टिकटों के किराए में कोई बदलाव नहीं किया गया है, चाहे वह उपनगरीय मार्ग हों या गैर-उपनगरीय।
कम दूरी के यात्रियों को राहत, लंबी दूरी पर चरणबद्ध तरीके से बढ़ा किराया
साधारण नॉन-एसी गैर-उपनगरीय सेवाओं में द्वितीय श्रेणी साधारण, स्लीपर श्रेणी साधारण और प्रथम श्रेणी साधारण के किराए को दूरी के अनुसार व्यवस्थित किया गया है। साधारण द्वितीय श्रेणी में 215 किलोमीटर तक की यात्रा पर किराए में कोई वृद्धि नहीं की गई है, जिससे दैनिक और कम दूरी के यात्रियों पर कोई अतिरिक्त बोझ नहीं पड़ेगा।
216 किलोमीटर से आगे बढ़ी दूरी, अब यात्रियों को देना होगा अतिरिक्त किराया
216 किलोमीटर से 750 किलोमीटर तक की यात्रा पर 5 रुपये की बढ़ोतरी की गई है। 751 किलोमीटर से 1250 किलोमीटर के बीच 10 रुपये, 1251 किलोमीटर से 1750 किलोमीटर तक 15 रुपये और 1751 किलोमीटर से 2250 किलोमीटर के बीच 20 रुपये की वृद्धि लागू की गई है। यह बढ़ोतरी चरणबद्ध और सीमित रखी गई है।
स्लीपर और प्रथम श्रेणी के यात्रियों के लिए भी बदला किराया गणना का तरीका
गैर-उपनगरीय स्लीपर श्रेणी साधारण और प्रथम श्रेणी साधारण में प्रति किलोमीटर 1 पैसे की दर से एकसमान संशोधन किया गया है। इससे किराया धीरे-धीरे बढ़ेगा और यात्रियों पर अचानक बड़ा असर नहीं पड़ेगा।
मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों में एसी और नॉन-एसी दोनों श्रेणियों में बढ़ोतरी
मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों में नॉन-एसी और एसी दोनों श्रेणियों के किराए में 2 पैसे प्रति किलोमीटर की वृद्धि की गई है। इसमें स्लीपर क्लास, फर्स्ट क्लास, एसी चेयर कार, एसी थ्री-टियर, एसी टू-टियर और एसी फर्स्ट क्लास शामिल हैं। उदाहरण के तौर पर 500 किलोमीटर की यात्रा पर यात्रियों को लगभग 10 रुपये अतिरिक्त देने होंगे।
तेजस, राजधानी, वंदे भारत समेत प्रमुख ट्रेनों के किराए भी संशोधित
तेजस राजधानी, राजधानी, शताब्दी, दुरंतो, वंदे भारत, हमसफर, अमृत भारत, तेजस, महामाना, गतिमान, अंत्योदय, गरीब रथ, जन शताब्दी, युवा एक्सप्रेस, नमो भारत रैपिड रेल और साधारण गैर-उपनगरीय सेवाओं के मूल किरायों को भी नई श्रेणीवार वृद्धि के अनुरूप संशोधित किया गया है। यह बदलाव सभी श्रेणियों में समान रूप से लागू होगा।
आरक्षण शुल्क और सुपरफास्ट चार्ज में कोई बदलाव नहीं
रेलवे ने स्पष्ट किया है कि आरक्षण शुल्क, सुपरफास्ट अधिभार और अन्य सहायक शुल्कों में कोई बदलाव नहीं किया गया है। जीएसटी की व्यवस्था भी पहले जैसी ही रहेगी। संशोधित किराया केवल 26 दिसंबर 2025 या उसके बाद बुक किए गए टिकटों पर लागू होगा।
26 दिसंबर से पहले बुक टिकटों पर नहीं लगेगा कोई अतिरिक्त शुल्क
रेलवे के अनुसार 26 दिसंबर 2025 से पहले बुक किए गए टिकटों पर, भले ही यात्रा की तारीख बाद की हो, कोई अतिरिक्त किराया नहीं वसूला जाएगा।
भोपाल से अलग-अलग शहरों तक यात्रा करने पर कितना बढ़ा किराया
नई दिल्ली जाने पर लगभग 15 रुपये अतिरिक्त देने होंगे
मुंबई जाने पर करीब 18 रुपये की बढ़ोतरी
पुणे के लिए लगभग 19 रुपये अधिक
नागपुर के लिए 8 रुपये
इंदौर और जबलपुर के लिए लगभग 6-6 रुपये
लखनऊ जाने पर 12 रुपये की वृद्धि
बेंगलुरु के लिए 30 रुपये
चेन्नई के लिए 31 रुपये और हैदराबाद के लिए करीब 20 रुपये
अहमदाबाद और जयपुर के लिए 13-13 रुपये
कोलकाता के लिए लगभग 29 रुपये का इजाफा
रायपुर से प्रमुख शहरों तक सफर अब कितना महंगा हुआ
भोपाल के लिए किराया 18 रुपये बढ़ा
दिल्ली के लिए 28 रुपये अतिरिक्त
मुंबई के लिए 39 रुपये ज्यादा
नागपुर के लिए 6 रुपये
पुरी के लिए 10 रुपये
हावड़ा के लिए 16 रुपये
प्रयागराज के लिए 14 रुपये की बढ़ोतरी

