हर कोई चाहता है कि वह लंबे समय तक जवान दिखे। उम्र बढ़ना एक प्राकृतिक प्रक्रिया है, लेकिन हालिया रिसर्च में सामने आया है कि रोज़ाना सीमित मात्रा में कॉफी पीने से उम्र बढ़ने की रफ्तार को धीमा किया जा सकता है।
अमेरिका की हेल्थ एजेंसी नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ हेल्थ (NIH) के अनुसार, कॉफी में पॉलीफेनॉल्स, क्लोरोजेनिक एसिड और कैफीन जैसे तत्व पाए जाते हैं। ये तत्व शरीर में सूजन को कम करने और कोशिकाओं को ऑक्सीडेटिव डैमेज से बचाने में मदद करते हैं, जो बढ़ती उम्र की बड़ी वजह माने जाते हैं।
रिसर्च में बताया गया है कि कॉफी में मौजूद एंटीऑक्सीडेंट फ्री रेडिकल्स को खत्म कर DNA को नुकसान से बचाते हैं। इससे त्वचा के कोलेजन की रक्षा होती है और स्किन लंबे समय तक टाइट और जवान बनी रहती है।
इसके अलावा नियमित रूप से कॉफी पीने से हार्ट डिजीज, टाइप-2 डायबिटीज, अल्जाइमर, पार्किंसन और कुछ प्रकार के कैंसर का खतरा कम होने के संकेत भी मिले हैं।
विशेषज्ञों के मुताबिक, कैफीन शरीर की ऑटोफैजी प्रक्रिया को सक्रिय करती है, जिससे कोशिकाओं की सफाई होती है और माइटोकॉन्ड्रिया बेहतर तरीके से काम करते हैं। इससे शरीर में ऊर्जा बनी रहती है और उम्र बढ़ने की प्रक्रिया धीमी पड़ती है।
डॉक्टरों का कहना है कि सीमित मात्रा में ली गई कॉफी न सिर्फ शरीर बल्कि दिमाग के स्वास्थ्य के लिए भी फायदेमंद होती है। सही खानपान और स्वस्थ जीवनशैली के साथ कॉफी को एंटी-एजिंग डाइट का हिस्सा बनाया जा सकता है।

