रायपुर। छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता भूपेश बघेल ने कथावाचक धीरेंद्र शास्त्री पर तीखा बयान दिया है। उन्होंने धीरेंद्र शास्त्री को ढोंगी बताते हुए छत्तीसगढ़ के साधु-महात्माओं से शास्त्रार्थ करने की चुनौती दी है।
भूपेश बघेल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर किए गए पोस्ट में कहा कि सनातन धर्म की सही समझ शास्त्रों और परंपराओं से आती है, न कि दिखावे और चमत्कारों से। उन्होंने कहा कि धीरेंद्र शास्त्री को चाहिए कि वे छत्तीसगढ़ के मठ-मंदिरों में बैठे विद्वान साधुओं से शास्त्रार्थ कर के दिखाएं।
एक अन्य पोस्ट में भूपेश बघेल ने कहा कि वे और उनका परिवार धीरेंद्र शास्त्री के जन्म से पहले से हनुमान चालीसा और बजरंग बाण का पाठ करते आ रहे हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि ऐसे लोग दूसरों को सनातन धर्म सिखाने का दावा कैसे कर सकते हैं।
भूपेश बघेल ने यह भी कहा कि उनके ससुराल में पांच साधु हैं, लेकिन वे कभी ढोंग या पाखंड नहीं करते। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग धर्म के नाम पर भ्रम फैलाने का काम कर रहे हैं।
इस मामले में कांग्रेस ने राज्य सरकार पर भी सवाल उठाए हैं। कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि कथावाचक धीरेंद्र शास्त्री के लिए सरकारी विमान भेजना सरकारी पैसे का गलत इस्तेमाल है। उन्होंने सरकार से इस पूरे मामले पर जवाब मांगा है।


