रायपुर। सीबीएसई बोर्ड ने कक्षा 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं के टाइम टेबल में आंशिक बदलाव किया है। बोर्ड द्वारा जारी नई सूचना के अनुसार 3 मार्च 2026 को प्रस्तावित कुछ परीक्षाएं अब निर्धारित तिथि पर आयोजित नहीं होंगी। कक्षा 10वीं के भाषा विषयों की परीक्षा अब 11 मार्च 2026 को आयोजित की जाएगी, जबकि कक्षा 12वीं की लीगल स्टडीज़ विषय की परीक्षा की नई तिथि 10 अप्रैल 2026 तय की गई है।
बोर्ड ने यह निर्णय प्रशासनिक कारणों को ध्यान में रखते हुए लिया है। सीबीएसई ने स्पष्ट किया है कि बदली गई तारीखों को छोड़कर अन्य सभी विषयों की परीक्षाएं पहले से तय कार्यक्रम के अनुसार ही आयोजित की जाएंगी।
सीबीएसई बोर्ड द्वारा संशोधित टाइम टेबल को एडमिट कार्ड में भी अपडेट किया जाएगा। साथ ही सभी संबंधित स्कूलों को निर्देश दिए गए हैं कि वे समय रहते छात्रों और अभिभावकों तक नई जानकारी अवश्य पहुंचाएं, ताकि किसी भी प्रकार की भ्रम की स्थिति उत्पन्न न हो।

