बिलासपुर। बिलासपुर जिला इन दिनों धर्मांतरण के मामलों को लेकर चर्चा में बना हुआ है। जिले के अलग-अलग क्षेत्रों से लगातार धर्म परिवर्तन से जुड़ी शिकायतें सामने आ रही हैं। ताजा मामला पचपेड़ी थाना क्षेत्र के जोंधरा गांव का है, जहां नए साल के अवसर पर आयोजित प्रार्थना सभा के दौरान कथित रूप से धर्मांतरण कराए जाने का मामला सामने आया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, जोंधरा गांव में नए साल पर प्रार्थना सभा का आयोजन किया गया था। आरोप है कि इस सभा में लोगों को भोजन और स्वास्थ्य सुविधाओं का प्रलोभन देकर बुलाया गया और इस दौरान उनका धर्म परिवर्तन कराया जा रहा था। ग्रामीणों को जब इसकी जानकारी हुई तो उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पचपेड़ी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। ग्रामीणों की शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामले में संबंधित पास्टर के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

