रायगढ़। रायगढ़ जिले के तमनार ब्लॉक में महिला थाना प्रभारी के साथ मारपीट की घटना के बाद अब एक और दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां हिंसक भीड़ द्वारा एक महिला आरक्षक के साथ बर्बरता की गई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि उग्र भीड़ ने महिला आरक्षक को मारने के इरादे से खेतों के रास्ते करीब आधा किलोमीटर तक दौड़ाया। भागने के दौरान महिला आरक्षक खेत में गिर पड़ी, जिसके बाद प्रदर्शनकारियों ने उसे खेत में घसीटा। इस दौरान महिला आरक्षक हाथ जोड़कर अपनी जान बख्शने की मिन्नतें करती रही और रो-रोकर लोगों को भाई कहकर छोड़ देने की गुहार लगाती नजर आई।
हालांकि भीड़ में शामिल कुछ लोगों पर इसका कोई असर नहीं पड़ा। आरोप है कि प्रदर्शनकारियों ने महिला आरक्षक पर हमला करते हुए उसकी वर्दी फाड़ दी और उसे अर्धनग्न कर दिया। वीडियो में कुछ लोग महिला आरक्षक को चप्पल से मारने की बात करते हुए भी दिखाई दे रहे हैं।
गौरतलब है कि तमनार ब्लॉक में जेपीएल (JPL) के कोल ब्लॉक को लेकर स्थानीय ग्रामीण लंबे समय से विरोध कर रहे हैं। कोल ब्लॉक के लिए 8 दिसंबर 2025 को धौराभाठा में आयोजित जनसुनवाई के विरोध में 14 गांवों के ग्रामीण 12 दिसंबर से धरने पर बैठे थे। इसी क्रम में 27 दिसंबर की सुबह करीब 300 ग्रामीणों ने लिबरा चौक पर चक्काजाम कर दिया।
प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा समझाइश के बावजूद प्रदर्शनकारी धरने से हटने को तैयार नहीं हुए। दोपहर के समय अचानक हालात बिगड़ गए और हजारों की संख्या में मौजूद भीड़ ने पुलिस बैरिकेड तोड़ दिए। इसके बाद पुलिस पर पत्थर और डंडों से हमला कर दिया गया।
इस हिंसक झड़प में तमनार थाना प्रभारी कमला पुसाम को महिलाओं द्वारा लात-घूंसे मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया था। वहीं कई पुलिसकर्मी और महिला आरक्षक भी घायल हुए, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।
महिला थाना प्रभारी के साथ मारपीट का वीडियो वायरल होने के बाद अब महिला आरक्षक के साथ हुई इस दरिंदगी का वीडियो सामने आने से पूरे प्रदेश में आक्रोश का माहौल है। पुलिस प्रशासन मामले की जांच में जुटा हुआ है।

