रायपुर। छत्तीसगढ़ में बिजली उपभोक्ताओं को आने वाले समय में महंगाई का झटका लग सकता है। छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर डिस्ट्रिब्यूशन कंपनी लिमिटेड (CSPDCL) ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए बिजली दरों में लगभग 24 प्रतिशत बढ़ोतरी का प्रस्ताव छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत नियामक आयोग को भेजा है।
CSPDCL के अनुसार वर्ष 2026-27 में राज्य में बिजली आपूर्ति के लिए लगभग 25,460 करोड़ रुपये के राजस्व की आवश्यकता होगी। मौजूदा बिजली दरों के आधार पर कंपनी को करीब 26,216 करोड़ रुपये की आय होने का अनुमान है, जिससे लगभग 756 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ दिखता है।
हालांकि, कंपनी का कहना है कि पिछले वर्षों के करीब 7,064 करोड़ रुपये के संचित घाटे को जोड़ने के बाद चालू वित्तीय वर्ष में बिजली वितरण कंपनी लगभग 6,300 करोड़ रुपये के कुल घाटे में बनी रहेगी।
इन्हीं परिस्थितियों को देखते हुए CSPDCL ने सभी उपभोक्ता श्रेणियों में युक्तिसंगत बिजली दरों में बढ़ोतरी को आवश्यक बताया है। अब यह फैसला छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत नियामक आयोग पर निर्भर करेगा कि वह इस प्रस्ताव को कितनी मंजूरी देता है और नई बिजली दरों की घोषणा कब की जाती है।

