बस्तर। बस्तर रेंज में नक्सल विरोधी अभियान के तहत सुरक्षाबलों को एक बार फिर बड़ी सफलता मिली है। बीजापुर और सुकमा जिलों में चलाए गए सघन सर्च ऑपरेशन के दौरान सुरक्षाबलों ने कुल 14 नक्सलियों को मार गिराया है। मारे गए सभी नक्सलियों के शव बरामद कर लिए गए हैं। इनके पास से एके-47, आईएनएसएएस और एसएलआर राइफल समेत भारी मात्रा में अत्याधुनिक हथियार और गोला-बारूद भी जब्त किया गया है।
जानकारी के अनुसार बीजापुर और सुकमा जिलों के दक्षिणी इलाकों में सशस्त्र नक्सलियों की मौजूदगी की पुख्ता सूचना मिलने के बाद सुरक्षा बलों ने संयुक्त सर्च ऑपरेशन शुरू किया। अभियान के तहत दक्षिण बस्तर क्षेत्र में डीआरजी (डिस्ट्रिक्ट रिजर्व गार्ड) की विशेष टीमों को रवाना किया गया।
ऑपरेशन के दौरान बीजापुर जिले में सुबह करीब 5 बजे से डीआरजी और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ शुरू हुई, जो कुछ समय तक चली। वहीं सुकमा जिले में सुबह करीब 8 बजे से सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच रुक-रुककर फायरिंग जारी है।
अब तक की कार्रवाई में कुल 14 नक्सलियों को ढेर किया गया है, जिनमें बीजापुर जिले से 2 और सुकमा जिले से 12 नक्सली शामिल हैं। सुरक्षाबलों का कहना है कि सुकमा क्षेत्र में मुठभेड़ अभी भी जारी है और मारे गए नक्सलियों की संख्या बढ़ सकती है।
इस कार्रवाई को नक्सली गतिविधियों के खिलाफ एक बड़ी कामयाबी माना जा रहा है। सूत्रों के अनुसार मारे गए नक्सलियों में कई ऐसे भी शामिल हैं, जिनका संबंध अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आकाश राव की हत्या से बताया जा रहा है। पूरे ऑपरेशन की कमान सुकमा एसपी किरण चव्हाण स्वयं संभाल रहे थे।
सूत्रों से यह भी जानकारी मिली है कि इस मुठभेड़ में नक्सली कमांडर मंगडु के मारे जाने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। मारे गए नक्सलियों में कोन्टा एरिया कमेटी का एसीएम हितेश भी शामिल बताया जा रहा है।

