मुंगेली। छत्तीसगढ़ में टाइगर रिजर्व एरिया की सुरक्षा व्यवस्था किस तरह सवालों के घेरे में है, इसकी एक चौंकाने वाली तस्वीर मुंगेली जिले से सामने आई है। अचानकमार टाइगर रिजर्व (ATR) की सुरक्षा व्यवस्था को जिम्मेदार अधिकारियों ने जैसे मजाक बना दिया हो। हालात यह हैं कि रिजर्व के कोर जोन में युवक हथियारों के साथ प्रवेश कर रहे हैं और जंगल के भीतर खुलेआम फायरिंग करते हुए रील बना रहे हैं।
ऐसा ही एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जो अचानकमार टाइगर रिजर्व के सुरही वन परिक्षेत्र के कोर जोन का बताया जा रहा है। वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि टाटा सफारी वाहन में सवार युवक बंदूक के साथ कोर जोन में घुसते हैं और जंगल के भीतर बेधड़क फायरिंग करते नजर आते हैं। दिन के उजाले से लेकर रात के समय तक फायरिंग के दृश्य सामने आए हैं।
इस वीडियो ने न सिर्फ अचानकमार टाइगर रिजर्व की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं, बल्कि ATR प्रबंधन की कार्यप्रणाली को भी कटघरे में ला खड़ा किया है। नियमों के अनुसार टाइगर रिजर्व के कोर जोन में हथियार ले जाना, वाहन प्रवेश और शाम के बाद रुकना पूरी तरह प्रतिबंधित है, इसके बावजूद इस तरह की गतिविधियां गंभीर लापरवाही की ओर इशारा करती हैं।
सूत्रों के अनुसार, जिम्मेदार अधिकारियों के संरक्षण में आए दिन महंगी गाड़ियों से लोग टाइगर रिजर्व क्षेत्र में प्रवेश कर रहे हैं और वन्यजीव संरक्षण नियमों की खुलेआम धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। वायरल वीडियो में रात के समय जंगल में फायरिंग करते युवक वन्यजीवों की जान को सीधे खतरे में डालते दिखाई दे रहे हैं।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर अचानकमार टाइगर रिजर्व में किसके संरक्षण में इस तरह का गैरकानूनी कृत्य हो रहा है। क्या सरकार इस गंभीर चूक पर कोई कड़ा कदम उठाएगी? क्या वायरल वीडियो में नजर आ रहे हथियारबंद युवकों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई होगी, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके?
फिलहाल इस पूरे मामले पर मुंगेली जिले के ATR प्रबंधन की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है और अधिकारी कुछ भी कहने से बचते नजर आ रहे हैं।

