रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने नई दिल्ली में केंद्रीय श्रम एवं रोजगार तथा युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री मनसुख मांडविया से सौजन्य भेंट की। इस दौरान छत्तीसगढ़ में प्रस्तावित “प्रथम खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स–2026” के सफल आयोजन को लेकर विभिन्न महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तृत चर्चा की गई।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कुशल नेतृत्व एवं भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के मार्गदर्शन में देशभर में खेलों को बढ़ावा देने के लिए किए जा रहे निरंतर प्रयासों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स की मेजबानी छत्तीसगढ़ को मिलना राज्य के लिए गर्व और सम्मान का विषय है। यह आयोजन राज्य की समृद्ध जनजातीय परंपराओं और प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को राष्ट्रीय मंच प्रदान करेगा।
चर्चा के दौरान मुख्यमंत्री श्री साय ने जानकारी दी कि खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स–2026 के तहत एथलेटिक्स, तीरंदाजी, कुश्ती, वेटलिफ्टिंग, हॉकी, फुटबॉल और तैराकी सहित कुल 7 प्रमुख खेलों की प्रतिस्पर्धाएं आयोजित की जाएंगी। इसके साथ ही 2 खेलों को डेमो इवेंट के रूप में शामिल किया जाएगा।
प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार
- सरगुजा संभाग में कुश्ती, तीरंदाजी और वेटलिफ्टिंग,
- रायपुर में हॉकी, फुटबॉल और तैराकी,
- जबकि बिलासपुर में एथलेटिक्स प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह आयोजन न केवल खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने में सहायक होगा, बल्कि छत्तीसगढ़ की जनजातीय संस्कृति और खेल परंपरा को भी देशभर में नई पहचान दिलाएगा।

