रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने छत्तीसगढ़ के प्रसिद्ध लोकपर्व छेरछेरा के पावन अवसर पर प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने इस अवसर पर राज्य की सुख-समृद्धि, खुशहाली और निरंतर प्रगति की कामना की।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि छेरछेरा महादान, सामाजिक समरसता और दानशीलता का प्रतीक पर्व है, जो छत्तीसगढ़ की समृद्ध, गौरवशाली और मानवीय मूल्यों से परिपूर्ण परंपरा को जीवंत रूप में प्रस्तुत करता है। नई फसल के आगमन की खुशी में यह लोकपर्व पौष मास की पूर्णिमा को पूरे उत्साह और उल्लास के साथ मनाया जाता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इसी दिन मां शाकंभरी जयंती भी मनाई जाती है, जो अन्न, प्रकृति और जीवन के संरक्षण का संदेश देती है। पौराणिक मान्यताओं के अनुसार इसी दिन भगवान शिव ने माता अन्नपूर्णा से भिक्षा ग्रहण की थी। इसी परंपरा के अनुरूप छेरछेरा पर्व पर धान के साथ-साथ साग-भाजी, फल एवं अन्य अन्न का दान किया जाता है।
उन्होंने कहा कि छेरछेरा तिहार लोगों में परस्पर सहयोग, करुणा और मानवता की भावना को मजबूत करता है तथा समाज को एकता के सूत्र में पिरोता है।

