मुंबई। AIMIM प्रमुख और सांसद असदुद्दीन ओवैसी ने वेनेजुएला से जुड़े एक अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रम का हवाला देते हुए केंद्र सरकार से 26/11 मुंबई आतंकी हमलों के मास्टरमाइंड को भारत लाने की मांग की है।
ओवैसी ने कहा कि अगर अमेरिकी राष्ट्रपति वेनेजुएला के राष्ट्रपति को उनके देश से पकड़कर अमेरिका ले जा सकते हैं, तो भारत सरकार भी पाकिस्तान में बैठे 26/11 हमलों के मास्टरमाइंड को भारत ला सकती है।
भारत भी आतंकियों को घसीट सकता है : ओवैसी
ओवैसी ने कहा कि अमेरिकी सेना ने वेनेजुएला के राष्ट्रपति को गिरफ्तार कर अमेरिका ले जाने की कार्रवाई की। अगर ऐसा किया जा सकता है, तो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी 26/11 आतंकी हमलों के मास्टरमाइंड को भारत ला सकते हैं। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान जाकर आतंकी हमलों के मास्टरमाइंड को भारत वापस लाया जाना चाहिए।
26/11 हमले की पृष्ठभूमि
गौरतलब है कि 26 नवंबर 2008 को मुंबई में हुए आतंकी हमलों में 166 लोगों की जान गई थी, जबकि 300 से अधिक लोग घायल हुए थे। आतंकी समुद्र के रास्ते मुंबई पहुंचे थे और चार दिनों तक शहर के कई प्रमुख इलाकों में आतंक मचाया था।

