रायपुर। वंदे मातरम् गीत की 150वीं वर्षगांठ के अवसर पर रायपुर लोकसभा क्षेत्र में एक ऐतिहासिक आयोजन होने जा रहा है। आगामी 15 जनवरी को दोपहर 12 बजकर 55 मिनट पर रायपुर लोकसभा क्षेत्र के करीब 5 लाख विद्यार्थी और युवा एक साथ सामूहिक रूप से वंदे मातरम् गीत का गायन करेंगे।
इस आयोजन में रायपुर लोकसभा क्षेत्र के 3000 से अधिक स्कूल और कॉलेजों के विद्यार्थी शामिल होंगे। कार्यक्रम का मुख्य आयोजन सुभाष स्टेडियम रायपुर में किया जाएगा, जहां लगभग 20 हजार युवा एक साथ वंदे मातरम् का गायन करेंगे। इस दौरान देशभक्ति गीतों पर आधारित रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे, साथ ही हेलीकॉप्टर से फूलों की वर्षा कर आयोजन को भव्य रूप दिया जाएगा।
कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर शनिवार को रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों की बैठक लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। कार्यक्रम संयोजक दानसिंह देवांगन ने बताया कि रायपुर देश का पहला लोकसभा क्षेत्र होगा, जहां एक साथ एक ही समय पर 5 लाख युवा वंदे मातरम् का सामूहिक गान करेंगे। उन्होंने बताया कि रायपुर लोकसभा क्षेत्र के 3000 से अधिक स्कूल और कॉलेजों में स्वतंत्रता संग्राम के दौरान गाए गए देशभक्ति गीतों का विद्यार्थियों द्वारा वाचन भी किया जाएगा।
इस अवसर पर सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि वंदे मातरम् गीत का यह आयोजन रायपुर के लिए ऐतिहासिक साबित होगा। यह गीत आज भी विद्यार्थियों और युवाओं में देशभक्ति की भावना जागृत करने में पूरी तरह प्रासंगिक है।
बैठक में जिला पंचायत सीईओ कुमार विश्वरंजन, निजी विश्वविद्यालय आयोग के अध्यक्ष वीके गोयल, पं. रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय के कुलसचिव एसके पटेल, तकनीकी विश्वविद्यालय के कुलसचिव दिनेश सिन्हा, आयुष विश्वविद्यालय के कुलसचिव सूरज कुमार साहू, डिप्टी डायरेक्टर हेल्थ एएस कन्नौजे, नगर निगम के एडिशनल कमिश्नर मनोज पांडेय, एनसीसी से स्क्वाड्रन लीडर एम जोरार, जिला शिक्षा विभाग के सहायक संचालक एम मिंज, एनटीपीसी के डीजीएम कम्युनिकेशन सहदेव सेठी, एनएसएस रायपुर से डॉ. लुकेश्वर सिंह गजपाल, स्काउट गाइड सचिव मृत्युंजय शुक्ला, जिला खेल अधिकारी प्रवेश जोशी, कृषि विश्वविद्यालय से श्रीकांत चितले तथा जवाहर नवोदय विद्यालय माना की लक्ष्मी सिंह सहित कई अधिकारी उपस्थित रहे।

