कोरबा। कोरबा जिले के दर्री डेम के पास तेज रफ्तार हाइवा की चपेट में आने से स्कूटी सवार महिला और उसकी बेटी की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा दर्री थाना क्षेत्र के अंतर्गत दर्री मुख्य मार्ग पर हुआ। घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने सड़क पर चक्काजाम कर दिया।
जानकारी के अनुसार कोहड़िया बस्ती निवासी रामकुमारी वर्मा अपनी बेटी रेणु वर्मा के साथ स्कूटी से दर्री बाजार गई थीं। देर शाम करीब 7:35 बजे वे बाजार से अपने घर लौट रही थीं। इसी दौरान दर्री मुख्य मार्ग पर एक तेज रफ्तार बाइक सवार युवक महिला की स्कूटी के बगल से तेजी से गुजरा, जिससे महिला का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क पर गिर पड़ी।
महिला और उसकी बेटी अभी संभल भी नहीं पाईं थीं कि सामने से आ रही तेज रफ्तार हाइवा ने दोनों को अपनी चपेट में ले लिया। इस भीषण हादसे में मां-बेटी की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए और सड़क पर चक्काजाम कर दिया। लोगों का आरोप है कि इस मार्ग पर भारी वाहनों की तेज रफ्तार के कारण अक्सर हादसे होते रहते हैं, लेकिन इसके बावजूद कोई ठोस व्यवस्था नहीं की जाती।
सूचना मिलने पर पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाइश देकर मार्ग बहाल कराने का प्रयास किया। पुलिस ने आरोपी हाइवा चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर वाहन को जब्त कर लिया है। साथ ही अधिकारियों ने जल्द ही उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

