Oplus_16908288
रायपुर। राजधानी रायपुर में मेडिकल नशे के बढ़ते कारोबार पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक संगठित नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। रायपुर क्राइम ब्रांच और पुरानी बस्ती थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने भारी मात्रा में प्रतिबंधित नशीली दवाओं के साथ 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों के कब्जे से 16,800 नग अल्प्राजोलम और 1,008 नग स्पास्मो टेबलेट जब्त की गई हैं। चौंकाने वाली बात यह है कि गिरफ्तार आरोपियों में एक मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव और तीन मेडिकल स्टोर संचालक भी शामिल हैं, जिससे मेडिकल सिस्टम के दुरुपयोग का गंभीर मामला सामने आया है।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने एक चार पहिया सफारी वाहन भी जब्त किया है, जिसका इस्तेमाल नशीली दवाओं की अवैध सप्लाई में किए जाने की आशंका है। प्रारंभिक जांच में खुलासा हुआ है कि ये प्रतिबंधित दवाएं अवैध रूप से युवाओं और नशे के आदी लोगों तक पहुंचाई जा रही थीं।
मामले में पुरानी बस्ती थाना में NDPS एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज कर ली गई है। रायपुर पुलिस का कहना है कि यह कार्रवाई केवल शुरुआत है और जल्द ही पूरे नेटवर्क का बड़ा खुलासा किया जाएगा। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि इस गिरोह के तार राज्य के अन्य जिलों या बाहर के राज्यों से तो नहीं जुड़े हैं।
यह कार्रवाई मेडिकल नशे के खिलाफ एक सख्त संदेश है और दिखाती है कि पुलिस संगठित अपराधों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर सख्ती से काम कर रही है।

