रायपुर। धारसीवा थाना क्षेत्र में लंबे समय से चल रही डीजल चोरी की घटनाओं पर आखिरकार लगाम लग गई है। ट्रक चालकों और परिवहन व्यवसायियों को लगातार नुकसान पहुंचा रहे इस संगठित अपराध का खुलासा भारतीय युवा कांग्रेस के नेताओं की सक्रियता से हुआ है।
भारतीय युवा कांग्रेस के उत्तर विधानसभा अध्यक्ष नवाज खान और प्रदेश सचिव फहीम शेख ने क्षेत्र में हो रही डीजल चोरी से जुड़ी जानकारियां एकत्र कर धारसीवा पुलिस को अवगत कराया। सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक कबाड़ी के ठिकाने पर छापा मारा और डीजल चोरी में संलिप्त आरोपियों को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में सक्रिय डीजल चोरी के नेटवर्क का पर्दाफाश हुआ है। बताया जा रहा है कि यह गिरोह लंबे समय से ट्रकों से डीजल चोरी कर अवैध रूप से बेच रहा था, जिससे ट्रक चालकों और परिवहन कारोबारियों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा था।
इस कार्रवाई को क्षेत्र में अपराध नियंत्रण की दिशा में एक बड़ी सफलता के रूप में देखा जा रहा है। युवा कांग्रेस नेताओं की सतर्कता और समय पर दी गई सूचना के चलते पुलिस को ठोस आधार मिला और कार्रवाई संभव हो सकी।
युवा कांग्रेस ने कहा है कि संगठन हमेशा समाजहित और कानून व्यवस्था के समर्थन में खड़ा रहा है। नवाज खान और फहीम शेख की पहल को युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बताया जा रहा है, जो यह दर्शाती है कि सजग नागरिक और जनप्रतिनिधि मिलकर अपराध के खिलाफ प्रभावी कदम उठा सकते हैं।

