रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने मंत्रालय महानदी भवन में वरिष्ठ अधिकारियों के साथ उच्च स्तरीय बैठक कर प्रदेश में आयोजित हो रही विभिन्न भर्ती परीक्षाओं की विस्तृत समीक्षा की। बैठक का मुख्य उद्देश्य भर्ती प्रक्रियाओं को पूर्णतः पारदर्शी, निष्पक्ष और समयबद्ध तरीके से संपन्न कराना रहा। बैठक में उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा भी उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि युवा कठिन परिश्रम और समर्पण के साथ प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करते हैं, इसलिए यह सरकार की जिम्मेदारी है कि उनके साथ किसी भी प्रकार का अन्याय न हो। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी भर्ती परीक्षाएं पूरी पारदर्शिता के साथ आयोजित की जाएं और परीक्षा प्रणाली को वर्तमान चुनौतियों के अनुरूप और अधिक सुदृढ़ किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि परीक्षा प्रक्रिया में किसी भी स्तर पर लापरवाही या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि परीक्षाओं की शुचिता बनी रहे और उस पर कोई सवाल न उठे, इसके लिए पारदर्शिता बढ़ाने से जुड़े सभी उपायों पर गंभीरता से कार्य किया जाएगा। भर्ती प्रक्रिया में सुधार सरकार की शीर्ष प्राथमिकताओं में शामिल है, जिससे चयन प्रणाली अधिक सरल, न्यायोचित और समयबद्ध बन सके।
बैठक में पुलिस बल सहित विभिन्न विभागों में चल रही भर्ती प्रक्रियाओं की समीक्षा की गई और चयन प्रणाली को अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए गए। समान अहर्ता वाले पदों के लिए अलग-अलग विभागों द्वारा आयोजित की जा रही परीक्षाओं की वर्तमान व्यवस्था पर भी चर्चा हुई। समान पात्रता वाले पदों के लिए संयुक्त भर्ती परीक्षा आयोजित करने के प्रस्ताव पर विचार किया गया, जिससे समय और संसाधनों की बचत के साथ-साथ विभागों को समय पर मानव संसाधन उपलब्ध कराया जा सके।
पीएससी की परीक्षा प्रणाली को और अधिक समकालीन, पारदर्शी और अभ्यर्थी हितैषी बनाने को लेकर भी विस्तृत चर्चा हुई। प्रतियोगी परीक्षाओं के पाठ्यक्रम को वर्तमान आवश्यकताओं और समसामयिक विषयों के अनुरूप अधिक प्रासंगिक बनाने पर भी विचार किया गया।
बैठक में मुख्य सचिव विकास शील, अपर मुख्य सचिव रेणु जी. पिल्लै, अपर मुख्य सचिव मनोज कुमार पिंगुआ, पुलिस महानिदेशक अरुण देव गौतम, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध कुमार सिंह, अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक विवेकानंद सिन्हा, सामान्य प्रशासन विभाग के सचिव अविनाश चंपावत, मुख्यमंत्री के सचिव मुकेश बंसल, राहुल भगत, पी. दयानंद, सचिव हिमशिखर गुप्ता, उद्योग विभाग के सचिव रजत कुमार, अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक एस.आर.पी. कल्लूरी, अमित कुमार सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

