रायपुर। राजधानी रायपुर में हुए हिट एंड रन मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री एवं वर्तमान भाजपा विधायक रेणुका सिंह के बेटे लक्की सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। मामला तेलीबांधा थाना क्षेत्र के अग्रसेन धाम चौक का है, जहां तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार युवक को जोरदार टक्कर मार दी थी। हादसे में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया है और उसकी हालत अब भी नाजुक बनी हुई है।
पुलिस के अनुसार रविवार और सोमवार की दरमियानी रात करीब 1.30 बजे नगर निगम कर्मचारी राजनारायण ठाकुर का छोटा भाई त्रिभुवन सिंह ठाकुर, जो पेशे से डीजे ऑपरेटर है, कार्यक्रम से लौट रहा था। इसी दौरान पीछे से आ रही तेज रफ्तार कार ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि त्रिभुवन सिंह उछलकर सड़क पर गिर पड़ा और उसके सिर में गंभीर चोट आई।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि कार अत्यधिक तेज रफ्तार में थी और लहराते हुए चल रही थी। हादसे के बाद चालक ने वाहन रोकने की बजाय मौके से फरार होना उचित समझा। आसपास मौजूद लोगों ने घायल युवक को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है।
पुलिस जांच में सामने आया कि हादसे में शामिल कार रामानुजगंज, सरगुजा निवासी जय प्रकाश उपाध्याय के नाम पर पंजीकृत है। घटना के समय कार में भाजपा विधायक रेणुका सिंह का बेटा लक्की सिंह, दो युवतियों सहित कुल पांच लोग सवार थे। कार नंबर के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
घटना के बाद आरोपी को थाने में लाकर छोड़ दिए जाने की चर्चाएं भी सामने आईं, जिससे पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हुए। हालांकि, दो दिन बाद तेलीबांधा थाना पुलिस ने साक्ष्यों, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और तकनीकी जांच के आधार पर लक्की सिंह को हिट एंड रन मामले में गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच आगे भी जारी है।

