रायपुर। राजधानी रायपुर में देशी शराब दुकान से जुड़े लाखों रुपये के गबन का मामला सामने आया है। यह मामला सड्डू विधानसभा क्षेत्र स्थित देशी शराब दुकान से संबंधित है, जहां शराब बिक्री की राशि में भारी हेराफेरी किए जाने का आरोप लगाया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दुकान के मैनेजर पर 5 लाख 57 हजार 850 रुपये के गबन का आरोप है। आरोप है कि शराब बिक्री के बाद जमा की जाने वाली राशि में जानबूझकर अनियमितता की गई। इस संबंध में दुकान प्रबंधन की ओर से लिखित शिकायत दर्ज कराई गई है।
दुकान प्रबंधन ने बताया कि जब शराब बिक्री से प्राप्त नकद राशि का मिलान किया गया, तो कैश में गंभीर अंतर सामने आया। जांच के दौरान यह स्पष्ट हुआ कि तय रकम से कम राशि जमा की गई थी। इसके बाद पूरे मामले की जानकारी पुलिस को दी गई।
इस संबंध में थाना विधानसभा में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। शिकायत दुकान के मैनेजर विनय कुमार शर्मा की ओर से दर्ज कराई गई है। पुलिस ने मामला पंजीबद्ध कर आरोपी के खिलाफ जांच शुरू कर दी है।
पुलिस का कहना है कि मामले में दस्तावेजों, कैश ट्रांजैक्शन और बिक्री रजिस्टर की गहन जांच की जा रही है। यदि आरोप सही पाए जाते हैं, तो संबंधित धाराओं के तहत कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

