कोरबा। जिले से एक बेहद गंभीर और मानवता को झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। डायल 112 सेवा में पदस्थ एक चालक ने अपने चार साथियों के साथ मिलकर एक युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया। इस घटना के सामने आने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार यह मामला बांकी मोंगरा थाना क्षेत्र का है। आरोप है कि डायल 112 चालक युवती को अपने चार साथियों के साथ एसईसीएल (SECL) के एक सुनसान मकान में ले गया, जहां उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया गया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी युवती को अचेत अवस्था में छोड़कर मौके से फरार हो गए।
मामले की सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घेराबंदी की और पांच आरोपियों में से दो को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं तीन आरोपी अभी फरार बताए जा रहे हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।
घटना के बाद पीड़िता की हालत गंभीर बताई जा रही है। उसे उपचार एवं चिकित्सकीय जांच के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां डॉक्टरों की टीम उसकी लगातार निगरानी कर रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की निष्पक्ष और गंभीरता से जांच की जा रही है तथा दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

