वडोदरा। भारतीय क्रिकेट टीम नए साल की शुरुआत न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज से करने जा रही है। भारत और न्यूजीलैंड के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज का आगाज 11 जनवरी से होगा। सीरीज का पहला मुकाबला वडोदरा के कोटाम्बी स्टेडियम में खेला जाएगा। यह मैच भारतीय समयानुसार दोपहर 1:30 बजे शुरू होगा, जबकि टॉस दोपहर 1 बजे होगा।
दोनों टीमें पिछली बार चैम्पियंस ट्रॉफी 2025 के फाइनल में आमने-सामने आई थीं, जहां भारतीय टीम ने न्यूजीलैंड को 4 विकेट से हराकर खिताब अपने नाम किया था। ऐसे में कीवी टीम इस सीरीज में उस हार का बदला लेने के इरादे से उतरेगी।
अगर भारत और न्यूजीलैंड के बीच वनडे क्रिकेट के हेड-टू-हेड आंकड़ों पर नजर डालें, तो भारतीय टीम का पलड़ा भारी नजर आता है। दोनों टीमों के बीच अब तक कुल 120 वनडे मुकाबले खेले गए हैं, जिनमें भारत ने 62 मैचों में जीत दर्ज की है, जबकि न्यूजीलैंड ने 50 मुकाबले जीते हैं। इसके अलावा 1 मैच टाई रहा है और 7 मुकाबले बेनतीजा समाप्त हुए हैं।
भारतीय सरजमीं पर भारतीय टीम का प्रदर्शन और भी मजबूत रहा है। भारत में दोनों टीमों के बीच अब तक 40 वनडे मुकाबले खेले गए हैं, जिनमें भारत ने 31 मैचों में जीत हासिल की है, जबकि न्यूजीलैंड को सिर्फ 8 मैचों में सफलता मिली है। वहीं 1 मुकाबला बेनतीजा रहा है।

