Oplus_16908288
रायपुर। राजधानी रायपुर के फाफाडीह इलाके में भैंस के हमले से एक बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो गए। यह घटना उस समय हुई, जब बुजुर्ग सड़क पर खड़ी भैंसों को आगे की ओर हटाने का प्रयास कर रहे थे। इसी दौरान एक भैंस ने अचानक उन पर हमला कर दिया, जिससे वे संतुलन खोकर सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए।
इस पूरी घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। फुटेज में स्पष्ट रूप से देखा जा सकता है कि भैंस के हमले के बाद बुजुर्ग सड़क पर गिर जाते हैं और आसपास मौजूद लोग तत्काल उनकी मदद के लिए दौड़ते हैं।
घायल बुजुर्ग की पहचान रमेश हेमनानी के रूप में हुई है। उन्हें तत्काल इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। चिकित्सकों के अनुसार बुजुर्ग की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है, लेकिन उन्हें एहतियातन निगरानी में रखा गया है।
घटना के बाद बुजुर्ग के बेटे कमल हेमनानी ने संबंधित डेयरी संचालक के खिलाफ जोन कार्यालय में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। कमल हेमनानी का आरोप है कि संबंधित डेयरी संचालक रोजाना भैंसों को चराने के बाद फाफाडीह इलाके में खुले में छोड़ देता है, जिससे सड़क पर गंदगी फैलती है और यातायात बाधित होता है।
उन्होंने बताया कि इस समस्या को लेकर वे पहले भी कई बार जोन कार्यालय और स्थानीय पार्षद से शिकायत कर चुके हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। कमल हेमनानी ने बताया कि शुक्रवार शाम उनके पिता भैंसों को सड़क से हटाने का प्रयास कर रहे थे, तभी यह हादसा हो गया।
पीड़ित परिवार ने प्रशासन से डेयरी संचालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। वहीं जोन कार्यालय की ओर से मामले में आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया गया है। घटना के बाद स्थानीय लोगों में भी आक्रोश देखा जा रहा है और उन्होंने आवारा पशुओं की समस्या के स्थायी समाधान की मांग की है।

